अटल आरोग्य लैब से संवर रही स्वास्थ्य सेवाएं: जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में महज 04 माह में 23001 मरीजों की हुई 86975 नि:शुल्क जांच
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सुशासन और स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल की पहल से जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं का हो रहा निरंतर विस्तार
प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सुशासन तथा स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल के दूरदर्शी प्रयासों से छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं का निरंतर सुदृढ़ीकरण और विस्तार किया जा रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के कुशल मार्गदर्शन, सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व तथा आरएमओ (RMO) डॉ. नरेंद्र कुमार रात्रे के कुशल पर्यवेक्षण में जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में संचालित ‘अटल आरोग्य लैब’ आम जनता के लिए वरदान साबित हो रही है।
जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में अटल आरोग्य लैब के प्रारंभ होने के महज 04 माह के भीतर ही रिकॉर्ड 23001 मरीजों को कुल 86975 विभिन्न प्रकार की पैथोलॉजी जांच सेवाएं पूरी तरह नि:शुल्क प्रदान की जा चुकी हैं। यह उल्लेखनीय उपलब्धि पैथोलॉजिस्ट डॉ. रमेश साहू और लैब के समस्त मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट्स के निरंतर समर्पण एवं सेवाभाव से किए गए कार्यों का ही प्रतिफल है। लैब में अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से कुल 134 प्रकार की निःशुल्क उच्च स्तरीय जांच सुविधाएं निरंतर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे आम जनों को जांच के लिए अन्यत्र नहीं भटकना पड़ रहा है।
निजी लैब में पैसे बर्बाद न करें, सरकारी नि:शुल्क सुविधाओं का उठाएं लाभ: डॉ. दीपक जायसवाल
जिला चिकित्सालय सारंगढ़ के सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप जिला अस्पताल में सभी आवश्यक जांच सुविधाएं अत्याधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से उपलब्ध हैं। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे आवश्यकतानुसार निजी लैब में भारी-भरकम राशि खर्च करने के बजाय जिला चिकित्सालय की नि:शुल्क ‘अटल आरोग्य लैब’ की सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से बहुत जल्द ही अटल आरोग्य लैब में नि:शुल्क माइक्रोबायोलॉजी (Microbiology) जांच की सुविधा भी प्रारंभ की जा रही है। इस नई सुविधा के शुरू होने से मरीजों को गंभीर संक्रमण और जटिल बीमारियों की सटीक जांच की सुविधा भी जिला अस्पताल में ही नि:शुल्क मिल सकेगी।

