Raigarh News

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विश्वविद्यालय परिसर में चला स्वच्छता अभियान

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय में “स्वच्छता ही सेवा” विषय को केंद्र में रखते हुए विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य विश्वविद्यालय परिसर को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने के साथ-साथ विद्यार्थियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना रहा।
अभियान में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय चौहान के मार्गदर्शन में कुलसचिव डॉ. तरुण धर दीवान सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी ने स्वयं श्रमदान करते हुए परिसर के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता कार्य किया और स्वच्छता को दैनिक जीवन की आदत बनाने का संदेश दिया।
अभियान के दौरान विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई की गई। अनावश्यक कचरे एवं अपशिष्ट को हटाया गया तथा परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए। अभियान में स्वच्छता, स्वच्छ परिसर, पर्यावरण संरक्षण तथा नागरिक जिम्मेदारी से संबंधित संदेश भी दिया गया।
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा बताया गया कि भविष्य में भी सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जागरूकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाएगा। विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समस्त विश्वविद्यालय परिवार के सहयोग से ऐसा स्वच्छ, स्वस्थ और सकारात्मक परिसर विकसित करना है, जो समाज के लिए भी प्रेरणादायी उदाहरण बने।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विश्वविद्यालय के समस्त कर्मचारियों एवं अध्ययनरत विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के आदर्शों पर चलने तथा राष्ट्रहित में समर्पित होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के योगदान को नमन करते हुए किया गया।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button