spot_img

Latest Posts

शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय में गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती का गरिमामय आयोजन

शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय, रायगढ़ ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रो. विनय चौहान, कुलपति, डॉ. तरुण धर दीवान, कुलसचिव, श्रीमती एस.के. ठाकुर, वित्त अधिकारी एवं डॉ. (श्रीमती) रविन्द्र चौबे, अधिष्ठाता छात्र कल्याण द्वारा महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय चौहान ने महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि गांधी जी का सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं आत्मनिर्भरता का संदेश आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणादायी है। वहीं लाल बहादुर शास्त्री जी का सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और देश के प्रति समर्पण हम सभी को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है।
कुलपति महोदय ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शैक्षणिक ज्ञान प्रदान करने का केंद्र नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं विश्वविद्यालय परिवार से महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. तरुण धर दीवान ने कहा कि महात्मा गांधी जी का सत्य और अहिंसा का मार्ग तथा लाल बहादुर शास्त्री जी का ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश भारत की सामाजिक एवं राष्ट्रीय चेतना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। आज आवश्यकता है कि युवा पीढ़ी उनके विचारों को समझे और देश के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए।
कुलसचिव ने कहा कि महापुरुषों के विचारों को व्यवहार में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि आज के युवा भारत के भविष्य के निर्माता हैं। यदि युवा गांधी जी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के विचारों तथा शास्त्री जी की सादगी, श्रम और राष्ट्रभक्ति की भावना को अपने जीवन में उतारें, तो एक मजबूत, संवेदनशील और जिम्मेदार समाज का निर्माण किया जा सकता है।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss