Raigarh News

विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के प्रयास से स्वास्थ्य परीक्षण शिविर व किसान मेला संपन्न

रायगढ़/पुसौर। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के संयुक्त प्रयास से आर्ष गुरुकुल तुरंगा में वृहद स्वास्थ्य परीक्षण शिविर एवं किसान मेला आयोजित किया गया। शिविर में मेडिसिन, शिशु रोग, हड्डी रोग, स्त्री रोग, नेत्र रोग सहित विभिन्न रोगों से संबंधित मरीजों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परीक्षण किया गया। मरीजों को निशुल्क दवा, उपचार एवं आवश्यक चिकित्सकीय सलाह भी उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही किसानों की कृषि संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए मृदा परीक्षण, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से जुड़ी समस्याओं के निराकरण और निशुल्क दवा वितरण की व्यवस्था भी की गई।

स्वास्थ्य शिविर में रायगढ़ के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रकाश मिश्रा, डॉ. ज्योत्सना अग्रवाल और डॉ. प्रभात पटेल के साथ अपेक्स हॉस्पिटल से डॉ. मनोज गोयल, डॉ. राजकुमार गुप्ता और डॉ. मुकुंद अग्रवाल शामिल हुए। इसके अलावा स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर से डॉ. विनोद नायक, डॉ. दिनेश कुमार नायक तथा पैरा मेडिकल टीम ने भी शिविर में अपनी सेवाएं दीं।

शिविर में सुबह 10 बजे से ही मरीजों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। स्वास्थ्य जांच के लिए पहुंचे लोगों का पहले पंजीयन किया गया। इसके बाद ब्लड प्रेशर, शुगर और वजन की जांच की गई। प्रारंभिक जांच के बाद मरीजों को उनकी समस्या के अनुसार संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सक के पास भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण कर आवश्यक मार्गदर्शन दिया। अलग-अलग रोगों से परेशान महिला और पुरुषों ने शिविर में पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया।

आयोजकों के अनुसार, शिविर में एलोपैथी चिकित्सा के साथ आयुर्वेदिक चिकित्सा को भी शामिल किया गया था। डॉ. देवाशीष राय चौधरी के मार्गदर्शन में आयुर्वेद विभाग की ओर से सुबह से ही विभिन्न जड़ी-बूटियों से तैयार काढ़े का वितरण किया गया। इसके अलावा संबंधित रोगों के निवारण के लिए आयुर्वेदिक उपचार सामग्री का भी निशुल्क वितरण किया गया।

स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ शिविर में किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए किसान मेला भी आयोजित किया गया। क्षेत्र के किसान अपनी वर्तमान कृषि संबंधी समस्याओं को लेकर शिविर में पहुंचे। उन्हें कृषि से संबंधित दवा और आवश्यक सलाह उपलब्ध कराई गई। किसानों की समस्याओं को मौके पर ही समझने और उनके समाधान की दिशा में मार्गदर्शन देने की व्यवस्था की गई थी।

अनुविभागीय अधिकारी कृषि हरीश राठौर के मार्गदर्शन में विकासखंड कृषि अधिकारी रोहित पटेल के नेतृत्व में कृषि विभाग की टीम ने शिविर में किसानों को सेवाएं उपलब्ध कराईं। शिविर में मृदा परीक्षण की सुविधा रखी गई थी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से संबंधित समस्याओं के समाधान और निशुल्क दवा वितरण की व्यवस्था भी की गई। किसानों ने अपनी समस्याएं संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के समक्ष रखीं तथा आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन प्राप्त किया।

आयोजकों के अनुसार, आर्ष गुरुकुल तुरंगा में आयोजित इस विशेष शिविर से 200 से अधिक समस्या ग्रस्त महिला और पुरुषों ने स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं का लाभ लिया। मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से सीधे परामर्श मिलने के साथ ही जांच और दवाओं की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। वहीं किसान मेले के माध्यम से किसानों को कृषि संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए विभागीय मार्गदर्शन दिया गया।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र से लेकर शिविर के समापन तक गुरुकुल के संचालक आचार्य राकेश कुमार ने आयोजक मंडल का यथायोग्य सम्मान करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने शिविर के आयोजन में सहयोग करने वाले चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, कृषि विभाग की टीम और आयोजन से जुड़े लोगों के प्रति आभार जताया।

कार्यक्रम में गुरुकुल आश्रम की माता मल्लिका चतुर्भुज, ग्राम पंचायत तुरंगा की सरपंच श्रीमती विनोदिनी सुभाष प्रधान, उप सरपंच विवेक प्रधान, ग्राम पंचायत मचिदा के सरपंच शिव गुप्ता, आश्रम के वरिष्ठ सदस्य घनश्याम पटेल, जगन्नाथ प्रधान और विभूतिभूषण प्रधान मौजूद रहे। इसके अलावा दानदाता परिवार से डोलेश्वर गुप्ता और तेजराम गुप्ता भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button