Raigarh News

जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

रायगढ़। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चक्रधर समारोह के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का 21 सितंबर को समापन हुआ। 19 से 21 सितंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग की कुल 25 टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें 14 पुरुष और 11 महिला टीमें शामिल रहीं। तीन दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता टीमों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।

पुरुष वर्ग में खरसिया जनपद, कबड्डी संघ, नगर निगम रायगढ़, तमनार जनपद, बरमकेला जनपद, धरमजयगढ़ जनपद, लैलूंगा जनपद, पुसौर जनपद, घरघोड़ा जनपद, रायगढ़ जनपद, सारंगढ़ जनपद, राजा चक्रधर, जिंदल फाउंडेशन तथा पुलिस विभाग की टीमों ने हिस्सा लिया। महिला वर्ग में अडानी फाउंडेशन, रायगढ़ जनपद, जिंदल फाउंडेशन रायगढ़, पुसौर जनपद, खरसिया जनपद, लैलूंगा जनपद, तमनार जनपद, घरघोड़ा जनपद, धरमजयगढ़ जनपद, जिंदल फाउंडेशन तमनार तथा नगर निगम रायगढ़ की टीमें मैदान में उतरीं।

तीन दिनों तक हुए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपनी टीम के लिए पूरी क्षमता के साथ प्रदर्शन किया। पुरुष वर्ग में तमनार जनपद ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि धरमजयगढ़ जनपद द्वितीय स्थान पर रहा। खरसिया जनपद को तृतीय और कबड्डी संघ की टीम को चतुर्थ स्थान प्राप्त हुआ। महिला वर्ग में अडानी फाउंडेशन की टीम प्रथम, जिंदल फाउंडेशन द्वितीय, लैलूंगा जनपद तृतीय और धरमजयगढ़ जनपद चतुर्थ स्थान पर रहा।

दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 51 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त टीम को 31 हजार रुपये तथा तृतीय और चतुर्थ स्थान पर रहने वाली टीमों को 10-10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। प्रतियोगिता में व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर उत्कृष्ट खिलाड़ियों को भी पुरस्कार दिए गए।

पुरुष वर्ग में धरमजयगढ़ के यशवंत कमलवंशी को बेस्ट कैचर, तमनार के जागृत पटेल को बेस्ट रेडर और तमनार के आशीष सिदार को ऑलराउंडर का पुरस्कार मिला। महिला वर्ग में प्राची को बेस्ट कैचर, रीना को बेस्ट रेडर और भूमिका को ऑलराउंडर का पुरस्कार दिया गया।

समापन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल में जीत और हार दोनों होती हैं। उन्होंने कहा कि जो टीम इस बार जीत हासिल नहीं कर पाई, उसे निराश होने की जरूरत नहीं है। खिलाड़ियों को अपनी कमियों को पहचानकर लगातार अभ्यास करना चाहिए और अगली प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दीपक सिदार ने कहा कि कबड्डी केवल शारीरिक ताकत का खेल नहीं है, बल्कि इसमें रणनीति, अनुशासन, धैर्य और टीम भावना भी महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि मैदान में उतरकर पूरी मेहनत और खेल भावना के साथ मुकाबला करना अपने आप में महत्वपूर्ण है। उन्होंने विजेता टीमों को बधाई दी और अन्य टीमों से भी आगे बेहतर तैयारी के साथ प्रतियोगिताओं में लौटने का आह्वान किया।

जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुषमा खलखो ने कहा कि जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। कबड्डी जैसी प्रतियोगिताएं इन प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने के लिए मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से जीत से उत्साहित होने और हार से सीख लेकर आगे बढ़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास और अनुशासन के माध्यम से खिलाड़ी जिला स्तर से आगे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button