रायगढ़। विकासखंड धरमजयगढ़ के ग्राम पंचायत साजापाली की शासकीय उचित मूल्य दुकान में बड़ा PDS घोटाला सामने आया है। खाद्य निरीक्षक की जांच में 9 लाख 86 हजार 196 रुपये का चावल, शक्कर और नमक कम मिला है।
खाद्य निरीक्षक चूड़ामनी सिदार ने 04/09/2026 को दुकान का भौतिक सत्यापन किया। जिसमें 219.82 क्विंटल चावल, 8.57 क्विंटल शक्कर, 4.82 क्विंटल नमक कुल 9,86,196 का स्टॉक गायब मिला।
अंगूठा लगवाया, राशन नहीं दिया
दुकान पर 509 राशन कार्ड हैं। जांच में विक्रेता विजय कुमार कोरवा ने खुद कबूला कि ऑनलाइन 259 कार्डों पर वितरण दिखाया गया, लेकिन असल में सिर्फ 63 लोगों को राशन दिया गया। बाकी 196 गरीब परिवारों का सिर्फ e-POS में अंगूठा लगवाकर राशन हड़प लिया गया। इसमें आमानारा के 52 पहाड़ी कोरवा परिवार भी शामिल हैं, जिन्हें सीएम ने खुद संज्ञान लिया था।
4 लोगों पर FIR :
सुमित्रा केरकेट्टा – अध्यक्ष, ज्योति महिला स्व सहायता समूह, सोनमती एक्का – सचिव, विजय कुमार कोरवा, ईशाक बेक पर BNS धारा 316(5), 3(5) और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत केस दर्ज हुआ है।
पंचायत भवन में दुकान पर न स्टॉक बोर्ड था, न रेट लिस्ट, न ही दुकान खुलने का समय। ग्रामीणों का कहना है कि महीने में 1-2 दिन ही दुकान खुलती है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से दुकान को तुरंत सस्पेंड कर वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की है।

