लगभग 38 वर्षों तक उत्कृष्ट सेवा देने के पश्चात प्रधान आरक्षक सेतराम सिदार हुए सेवानिवृत्त।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने सुखद, समृद्ध एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए दी विदाई
लगभग 38 वर्षों तक उत्कृष्ट सेवा देने के पश्चात प्रधान आरक्षक सेतराम सिदार हुए सेवानिवृत्त।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने सुखद, समृद्ध एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए दी विदाई
।
🔶 विदाई समारोह में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ परिजन भी रहे उपस्थित।
कार्यालय पुलिस अधीक्षक, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में आज एक गरिमामय सेवानिवृत्ति विदाई समारोह का आयोजन किया गया। जिला रिजर्व पुलिस लाइन में पदस्थ प्रधान आरक्षक सेतराम सिदार अपनी लगभग 38 वर्षों की दीर्घ एवं निष्ठावान सेवा पूर्ण करने के उपरांत सेवानिवृत्त हुए।
इस अवसर पर मुख्य रूप से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र पटेल, डीएसपी (मुख्यालय) संतोषी ग्रेस एवं रक्षित निरीक्षक जितेंद्र कुमार चंद्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
समारोह के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र पटेल ने प्रधान आरक्षक सेतराम सिदार को उनकी सराहनीय एवं कर्तव्यनिष्ठ सेवाओं के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। साथ ही, उन्होंने सिदार को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा सम्पूर्ण पुलिस विभाग की ओर से उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुखद जीवन एवं उज्ज्वल भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
विदाई समारोह में अपने अनुभवों को साझा करते हुए प्रधान आरक्षक सेतराम सिदार ने कहा, “मेरी भर्ती वर्ष 1988 में अविभाजित रायगढ़ जिले में हुई थी, जिसके पश्चात लंबे समय तक सारंगढ़ क्षेत्र में पदस्थ रहकर कार्य करने का अवसर मिला।” उन्होंने बीते दशकों में पुलिसिंग की कार्यप्रणाली, तकनीक और सुविधाओं में आए सकारात्मक बदलावों पर प्रकाश डाला तथा अपने लंबे सेवाकाल के दौरान सहकर्मियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों से मिले निरंतर सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित समस्त सहयोगियों ने सेतराम सिदार को पुष्पगुच्छ, उपहार देकर भावभीनी विदाई दी। इस दौरान उनके परिवार के सदस्य भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
