रायगढ़ पुलिस का आईजी ने किया वार्षिक निरीक्षण, थानों में डिजिटल पुलिसिंग पर जोर, जवानों के वेलफेयर को बताया प्राथमिकता

रायगढ़। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग दो दिवसीय प्रवास पर रायगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने जिला पुलिस कार्यालय के कामकाज और जिले की कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। आईजी ने पुलिस कार्यालय की अलग-अलग शाखाओं के कार्यों की जानकारी लेते हुए फील्ड में तैनात पुलिसकर्मियों के वेतन, अवकाश, देयक और कल्याणकारी सुविधाओं का समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन में ष्टष्टञ्जहृस् और डिजिटल पुलिसिंग की भूमिका पर विशेष जोर दिया। आईजी राम गोपाल गर्ग ने पुलिस कार्यालय को जिले की पुलिसिंग का नियंत्रण केंद्र बताते हुए कहा कि कार्यालयीन व्यवस्था का सीधा प्रभाव फील्ड पुलिसिंग पर पड़ता है।
उन्होंने विभिन्न शाखाओं के कामकाज की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों को समय पर निपटाने और रिकॉर्ड एवं ऑनलाइन पोर्टल को नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए। चिटफंड मामलों में हुई प्रगति, कार्यालय में प्राप्त शिकायतों के निराकरण और शासकीय वाहनों एवं अन्य संसाधनों के रखरखाव की भी जानकारी ली गई। आईजी ने कहा कि फील्ड में काम करने वाले पुलिस अधिकारियों और जवानों को मिलने वाली सुविधाओं में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने वेतन, देयक, अवकाश और अन्य कल्याणकारी सुविधाओं से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के साथ समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को यह भी कहा गया कि पुलिसकर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से लेकर उनका समाधान किया जाए, ताकि फील्ड पुलिसिंग और अधिक प्रभावी हो सके। निरीक्षण के दौरान आईजी ने सीसीटीएनएस की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि नए आपराधिक कानूनों के तहत डिजिटल प्रक्रियाओं का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है।
ई-साक्ष्य, ई-समन, ई-फॉरेंसिक सहित कई प्रक्रियाओं में तकनीकी व्यवस्था का उपयोग किया जा रहा है। ऐसे में पुलिसकर्मियों को इन तकनीकों का बेहतर प्रशिक्षण देने और डिजिटल सिस्टम का प्रभावी इस्तेमाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आईजी ने जिले में प्राप्त शिकायतों और उनके निराकरण की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आम लोगों से जुड़ी शिकायतों को केवल औपचारिकता के तौर पर न लिया जाए, बल्कि उनकी गंभीरता से जांच कर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के प्रभावी निराकरण से आमजन का पुलिस पर भरोसा और मजबूत होगा। पुलिस कार्यालय की समीक्षा के बाद आईजी ने जिले के राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग अनुविभागों की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को अपराधों की रोकथाम, क्षेत्र में सक्रिय निगरानी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
देर शाम आईजी राम गोपाल गर्ग ने थाना चक्रधरनगर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ एसएसपी शशि मोहन सिंह, एडिशनल एसपी अनिल सोनी और सीएसपी मयंक मिश्रा मौजूद रहे।
थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा और स्टाफ ने आईजी का स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान आईजी ने पुलिसकर्मियों से सीधे संवाद कर उनकी जिम्मेदारियों और थाना स्तर पर किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। आईजी ने थाना परिसर में विवेचक कक्ष, मालखाना, ष्टष्टञ्जहृस् कक्ष सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शिकायतकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के लिए की गई बैठक व्यवस्था, हेल्प डेस्क और थाना परिसर की साफ-सफाई की सराहना की। आईजी ने पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य जारी रखने और शिकायत लेकर आने वाले लोगों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश दिए। सीसीटीएनएस कक्ष के निरीक्षण के दौरान आईजी ने ऑनलाइन कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। थाना चक्रधरनगर में ऑनलाइन रोजनामचा एंट्री की व्यवस्था की उन्होंने विशेष रूप से सराहना की। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि रायगढ़ जिले के सभी थानों में ष्टष्टञ्जहृस् के माध्यम से ऑनलाइन रोजनामचा एंट्री की जा रही है और लंबे समय से मैनुअल रोजनामचा लेखन बंद किया जा चुका है।
