spot_img

Latest Posts

तमनार में दो चोरियों का खुलासा, 6 नाबालिग समेत 7 आरोपी पकड़े गए, बाइक और चोरी का सामान बरामद

तमनार। जिले के तमनार क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग चोरियों का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 विधि से संघर्षरत बालकों और एक 20 वर्षीय युवक समेत कुल 7 आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने मिलुपारा चौक से मोटरसाइकिल चोरी करने के साथ ही कुधरीपारा मंदिर चौक तिराहा स्थित दुकान का दरवाजा तोडक़र खाद्य सामग्री और नगदी चोरी की थी। पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ वारदात में इस्तेमाल दोपहिया वाहन भी बरामद किया है।
मामले की शुरुआत 13 अगस्त को मिलुपारा से हुई। यहां किराये के मकान में रहने वाले रतन कुमार धोबी ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत तमनार थाने में दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार रतन कुमार अंबुजा सीमेंट कंपनी में इलेक्ट्रिशियन के तौर पर काम करते हैं। 12 अगस्त को ड्यूटी से लौटने के बाद उन्होंने अपनी सफेद-काले रंग की एचएफ डीलक्स बाइक क्रमांक सीजी-11 एयू- 9751 घर के सामने खड़ी की थी। अगले दिन सुबह ड्यूटी पर जाने के दौरान बाइक वहां नहीं मिली। इसी दौरान कुधरीपारा मंदिर चौक तिराहा स्थित पान ठेला दुकान में भी चोरी की जानकारी सामने आई।
दुकान संचालक रामभजन पोर्ते ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 12 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे दुकान बंद की थी। अगले दिन पड़ोसी ने दुकान का दरवाजा टूटे होने की जानकारी दी। जांच करने पर दुकान से कुरकुरे, मिक्चर, गांठिया, चटकमटक, टेस्टीनट, फल्लीदाना, पपीतालेस, चॉकलेट, सिगरेट और पान मसाला समेत करीब 9 हजार रुपए की खाद्य सामग्री गायब मिली। इसके अलावा करीब 1 हजार रुपए नगद भी चोरी हुए थे। पुलिस के मुताबिक कुल चोरी करीब 10 हजार रुपए की थी।
दोनों घटनाओं की जांच थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव आहेर के नेतृत्व में शुरू की गई। पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया। पुलिस के मुताबिक जांच के दूसरे दिन तीन संदिग्ध नाबालिगों के दोनों वारदातों में शामिल होने की सूचना मिली। पूछताछ में तीनों ने पुलिस को बताया कि चोरी में कुल सात लोग शामिल थे और वे दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर इलाके में घूम रहे थे। पूछताछ में मिलुपारा से बाइक चोरी और कुधरीपारा की दुकान में चोरी करना स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस ने तीन विधि से संघर्षरत बालकों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और वारदात में प्रयुक्त एक अन्य बाइक बरामद की।
मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी रही। इसके बाद 20 अगस्त को पुलिस ने तीन और विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार उन्होंने भी चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। दोनों चोरियों में शामिल बताए जा रहे मुकेश अगरिया (20) निवासी जांजगीर, थाना तमनार को पुलिस ने तलाश के बाद पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार छिप रहा था। पूछताछ में उसने छह नाबालिगों के साथ मिलकर दोनों चोरियों को अंजाम देना स्वीकार किया। उसके कब्जे से चोरी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। पुलिस ने युवक के खिलाफ अपराध क्रमांक 204/2026 में धारा 302(2) बीएनएस तथा धारा 305 और 331(4) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss