Raigarh News

सेवा ही सनातनः ललितपुर में 45वां निशुल्क चिकित्सा शिविर  

रायगढ़। रविवार 16 अगस्त को मानवता की सेवा का एक और अध्याय लिखा गया। अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट बनोरा की मुख्य शाखा रायगढ़ की इकाई अवधूत भगवान राम सेवा लखनपुरा, में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निशुल्क चिकित्सा एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर आश्रम का 45वां निशुल्क चिकित्सा शिविर था।
शिविर का शुभारंभ अघोरेश्वर के पूजन के साथ हुआ। शिविर में प्रयागराज से पधारे वरिष्ठ चिकित्सकों ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।  इनमें डॉ. अमृत लाल,डॉ. के. एस. मिश्रा, होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. सुनील पटेल शामिल थे। इन डॉक्टरों ने आसपास के आदिवासी और ग्रामीण अंचलों से आए मरीजों का बारीकी से परीक्षण कर निशुल्क परामर्श दिया। दिनेश मोदी और डॉ. के. एस. मिश्रा द्वारा मरीजों को जांच के बाद निशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं। शिविर में कुल 226 ग्रामीणों  का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवाएं दी गईं। ललितपुर के दूरदराज के गांवों से लोग सुबह से ही पहुंच गए थे। वांशी, भोरेशील, नंदनवारा, लखनपुरा, बांदपुरा, बीघाखेट, अल्लापुर, बस्त्रावण, जिज्ञावन, बासड़गुआ, वनपुरा, लखनावल, बिगहामहवत, गंगासागर, तेरईफटक, दास्तरारा, मेहरुनीखुर्द, करमाई, तालबेहट, गद्दीहा, विज्ञावन, बार गांवों के निवासियों ने शिविर का लाभ उठाया।
अवधूत भगवान राम सेवा आश्रम, ललितपुर की स्थापना ब्रह्मलीन श्रद्धेय श्री भैया जी  के मार्गदर्शन में हुई थी। स्थापना का उद्देश्य  असहाय और वंचित समाज की सेवा, मानवता की रक्षा और सनातन धर्म की मूल आत्मा का जागरण है। परम पूज्य अघोरेश्वर प्रियदर्शी राम जी, अघोर गुरु पीठ ब्रम्हनिष्ठलया, रायगढ़  के सतत मार्गदर्शन में इस आश्रम में मानव सेवी गतिविधियां  निरंतर जारी है। शिविर के दौरान पूज्य बाबा की वाणी पर आधारित पुस्तकें सफलता की कुंजी और अघोरेश्वर वाक्य स्थानीय ग्रामीणों और बच्चों को वितरित की गईं। आश्रम के कार्यकर्ताओं ने बताया कि हमारा लक्ष्य सिर्फ दवा देना नहीं है। गांव-गांव तक स्वास्थ्य, शिक्षा और संस्कार पहुंचाना है। यही अघोर परंपरा की सच्ची सेवा है। शिविर में आए बुजुर्गों और महिलाओं के चेहरे पर संतोष साफ दिख रहा था। उनके लिए ये शिविर किसी वरदान से कम नहीं था।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button