सड़क हादसे में पांच गौ वंश की मौत, गेरवानी वीआईपी ढाबा के पास हुई घटना

रायगढ़। जिले के मुख्य मार्गों पर भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार, ढाबों के आसपास पसरा अतिक्रमण, बेतरतीब पार्किंग और सड़कों पर घूमते मवेशियों का जमावड़ा अब जानलेवा साबित हो रहा है। गेरवानी स्थित वीआईपी ढाबा के सामने मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 5 गायों की कुचलकर मौत हो गई। हादसे ने सड़क सुरक्षा, मवेशी प्रबंधन और प्रशासनिक व्यवस्था की जमीनी हकीकत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार हादसा देर रात या तड़के का बताया जा रहा है। खबर लिखे जाने तक घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आया है। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार अज्ञात वाहन सड़क पर बैठे मवेशियों को कुचलने के बाद मौके से फरार हो गया। घटना के बाद वाहन की पहचान नहीं हो सकी है। ऐसे में वीआईपी ढाबा और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच हादसे की सच्चाई सामने लाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
समस्या केवल गेरवानी के वीआईपी ढाबा तक सीमित नहीं है। लाखा से लेकर तराईमाल तक मुख्य मार्ग के कई हिस्सों में रोजाना बड़ी संख्या में मवेशी सड़क पर बैठे या घूमते दिखाई देते हैं।
यह मार्ग औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण भारी वाहनों की आवाजाही के लिहाज से बेहद व्यस्त है। ऐसे में सड़क के बीच मवेशियों का जमावड़ा वाहन चालकों और राहगीरों दोनों के लिए गंभीर खतरा बन गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासनिक निगरानी और स्थायी व्यवस्था के अभाव में यह मार्ग धीरे-धीरे अघोषित गौशाला में तब्दील होता जा रहा है।
