Raigarh News

आमजन से जुड़े कार्यों को गंभीरता और संवेदनशीलता से पूरा करें अधिकारीः कलेक्टर

श्रमिकों की सुरक्षा एवं हितों से जुड़े विषयों की समीक्षा के लिए गठित होगी जिला स्तरीय समिति
डीएमएफ के स्वीकृत कार्यों की निविदा एवं कार्यादेश की प्रक्रिया बारिश से पहले पूरी करने पर जोर

रायगढ़। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि आमजन से जुड़े कार्यों को अधिकारी गंभीरता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ पूरा करें। प्रशासन का उद्देश्य नागरिकों को समय पर बेहतर सेवाएं एवं सुविधाएं उपलब्ध कराना है। विभागीय अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि लोगों को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानी न हो तथा शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सुगमता से पहुंचे। कलेक्टर श्री चतुर्वेदी आज जिला कलेक्टोरेट स्थित सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के मैदानी स्तर पर क्रियान्वयन, सीएम हेल्पलाइन, जनदर्शन, लंबित प्रकरणों, स्वास्थ्य सेवाओं एवं विकास कार्यों सहित विभिन्न विभागीय विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कलेक्टर ने जिले में कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा, सुविधाओं एवं हितों से जुड़े विषयों की जानकारी ली। उन्होंने इन विषयों की समुचित समीक्षा एवं परीक्षण के लिए जिला स्तरीय समिति गठित करने को कहा। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को कार्यस्थल पर निर्धारित सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध हों तथा उनके हितों से जुड़े विषयों का नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य केन्द्रों में जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही एवं कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मरीजों को समय पर सभी स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित हो।
कलेक्टर ने जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की निविदा प्रक्रिया, कार्यादेश एवं कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित निर्माण एजेंसियों एवं अधिकारियों को स्वीकृत कार्यों की निविदा एवं कार्यादेश की प्रक्रिया बारिश के पहले पूर्ण करने के लिए कहा, ताकि बारिश समाप्त होते ही निर्माण कार्यों को तेजी से प्रारंभ किया जा सके। उन्होंने कहा कि आगामी छह माह में स्वीकृत कार्यों को पूर्ण करने के लिए अभी से आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जिले के जर्जर स्कूल भवनों के जीर्णाेद्धार एवं आवश्यकतानुसार नवीन भवन निर्माण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करें। उन्होंने 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की भी समीक्षा और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण तथा आमजन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने सहित विभिन्न विभागीय विषयों पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि विभागीय कार्यों की निरंतर समीक्षा करते हुए योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित करें। बैठक में सीईओ जिला पंचायत अभिजीत बबन पठारे, आयुक्त नगर निगम बृजेश सिंह क्षत्रिय, एडीएम  अपूर्व प्रियेश टोप्पो, अपर कलेक्टर रवि राही, डॉ. प्रियंका वर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती पूजा बंसल, डिप्टी कलेक्टर धनराज मरकाम, डिप्टी कलेक्टर सुश्री शिल्पा भगत सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button