Raigarh News

सड़क निर्माण की बकाया राशि भुगतान की मांग, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

रायगढ़। ग्राम पंचायत रनभांठा में आदिवासी मोहल्ले में कराए गए सड़क निर्माण कार्य की बकाया राशि का भुगतान नहीं होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पूर्व सरपंच ममता छत्तर ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य की शेष राशि का भुगतान कराने की मांग की है।
ज्ञापन के अनुसार वर्ष 2024-25 में आदिवासी मोहल्ले में सड़क निर्माण कार्य के लिए 12 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई थी। कार्य का मूल्यांकन 12 लाख 198 रुपए किया गया, जबकि अब तक 4 लाख 80 हजार रुपए का भुगतान किया गया है। ज्ञापन में 7 लाख 20 हजार रुपए की राशि शेष होने की बात कही गई है।
पूर्व सरपंच का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद शेष राशि के भुगतान के लिए संबंधित ग्राम पंचायत सचिव को बिल प्रस्तुत किया गया था। इसके बावजूद भुगतान की कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने कलेक्टर रायगढ़ एवं जनपद पंचायत पुसौर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि मामले में पंचायत की ओर से जवाब प्रस्तुत किया गया, लेकिन बकाया राशि का भुगतान अब तक नहीं हो सका है। पूर्व सरपंच ने कलेक्टर से मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य में खरीदी गई सामग्री की बकाया राशि संबंधित वेंडर को दिलाने की मांग की है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button