Raigarh News

ग्राम उत्तर रेगांव में शराब रेड कार्रवाई, 10 लीटर महुआ शराब जब्त

रायगढ़। ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत तमनार पुलिस ने अवैध महुआ शराब के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ग्राम उत्तर रेगांव में छापेमार कर 10 लीटर हाथ भट्टी से निर्मित कच्ची महुआ शराब बरामद की है। मामले में आरोपी नवीन राठिया को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इस संबंध में पुलिस को विगत 24 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम उत्तर रेगांव निवासी नवीन राठिया अपने घर में अवैध रूप से हाथ भट्टी की महुआ शराब संग्रहित कर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव ने पेट्रोलिंग टीम को तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस टीम जब नवीन राठिया के घर पहुंची तो वहां मौजूद शराब पीने वाले कुछ लोग पुलिस को देखकर मौके से भाग निकले। घर में मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम नवीन राठिया पिता जोगीराम राठिया (24 वर्ष), निवासी उत्तर रेगांव, थाना तमनार बताया तथा पूछताछ में अवैध शराब रखना एवं बिक्री करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर उसके मकान की बाड़ी से 5-5 लीटर क्षमता की दो प्लास्टिक जरीकेनों में कुल 10 लीटर हाथ भट्टी से बनी महुआ शराब बरामद कर गवाहों की उपस्थिति में जप्त की गई।
आरोपी का कृत्य आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत अपराध पाए जाने पर विधिवत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी नवीन राठिया को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button