Raigarh News

दिल्ली में आयोजित “भारत व्यापार महोत्सव” में कैट के माध्यम से भागीदारी का सुनहरा अवसर*व्यापारियों एवं उद्यमियों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कराने रतन शर्मा ने की अपील

*दिल्ली में आयोजित “भारत व्यापार महोत्सव” में कैट के माध्यम से भागीदारी का सुनहरा अवसर*व्यापारियों एवं उद्यमियों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कराने रतन शर्मा ने की अपील*

सारंगढ़.कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के जिलाध्यक्ष श्री रतन शर्मा ने बताया कि देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन CAIT द्वारा आगामी 12 से 15 अगस्त 2026 तक नई दिल्ली के प्रतिष्ठित भारत मंडपम में आयोजित होने वाले “भारत व्यापार महोत्सव” में जिले से रिकॉर्ड संख्या में व्यापारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक पंजीयन एवं जनसंपर्क अभियान प्रारंभ किया गया है।

उन्होंने बताया कि रायपुर स्थित CAIT प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक में नेशनल वाइस चेयरमैन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य श्री अमर पारवानी के मार्गदर्शन में प्रदेश के 26 जिलों के अध्यक्षों एवं प्रमुख पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में प्रत्येक जिले से अधिकतम संख्या में बिजनेस डेलीगेट पंजीयन कराने का संकल्प लिया गया।

जिलाध्यक्ष श्री रतन शर्मा ने कहा कि भारत व्यापार महोत्सव केवल एक व्यापार प्रदर्शनी नहीं, बल्कि देश और विदेश के व्यापारियों, उद्योगपतियों, निवेशकों एवं खरीदारों से सीधे जुड़ने का एक ऐतिहासिक अवसर है। इस महोत्सव में भाग लेने वाले व्यापारियों को विश्वस्तरीय बिजनेस नेटवर्किंग, B2B मीटिंग्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल कॉमर्स, आधुनिक व्यापारिक तकनीकों, ई-कॉमर्स, फ्रेंचाइजी, ब्रांडिंग, स्टार्टअप, आयात-निर्यात तथा नए व्यापारिक अवसरों की विस्तृत जानकारी प्राप्त होगी।

उन्होंने कहा कि जिले के व्यापारी, एमएसएमई, महिला उद्यमी, युवा स्टार्टअप, हस्तशिल्पी एवं स्थानीय उत्पादों से जुड़े उद्यमियों के लिए यह राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने और नए बाजारों तक पहुंचने का सुनहरा अवसर है। महोत्सव में देश-विदेश के खरीदारों, निवेशकों एवं व्यापार प्रतिनिधिमंडलों से सीधा संवाद स्थापित कर व्यापार विस्तार की नई संभावनाएं विकसित की जा सकेंगी।

श्री रतन शर्मा ने जिले के सभी व्यापारियों, उद्योग संगठनों, बाजार संघों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं युवा उद्यमियों से अधिक से अधिक संख्या में बिजनेस डेलीगेट के रूप में पंजीयन कर इस ऐतिहासिक आयोजन का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि CAIT जिला इकाई द्वारा शीघ्र ही विभिन्न बाजारों एवं व्यापारिक संगठनों के बीच संपर्क अभियान चलाकर व्यापक जनजागरण किया जाएगा, ताकि जिले की सहभागिता राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान स्थापित कर सके।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button