Raigarh News

सरकारी स्कूलों को बड़ी राहत, 52 संलग्न शिक्षक-कर्मचारी लौटेंगे मूल पदस्थापना पर

सरकारी स्कूलों को बड़ी राहत, 52 संलग्न शिक्षक-कर्मचारी लौटेंगे मूल पदस्थापना पर

शिक्षा मंत्री के निर्देश पर कलेक्टर श्रीमती पदमिनी भोई साहू एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री जे.आर. डहरिया की पहल, VSK ऐप से डिजिटल उपस्थिति होगी अनिवार्य

सारंगढ़। शासकीय विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती पदमिनी भोई साहू के निर्देशन एवं सतत मॉनिटरिंग में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्रवाई की है। स्कूल शिक्षा मंत्री के निर्देशों तथा लोक शिक्षण संचालनालय के आदेशों के अनुपालन में जिले के 52 संलग्न शिक्षक एवं कर्मचारियों को उनकी मूल पदस्थापना पर वापस भेजने के आदेश जारी किए गए हैं।

जिला शिक्षा अधिकारी श्री जे.आर. डहरिया द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी संबंधित शिक्षक एवं कर्मचारियों को तत्काल अपनी मूल संस्था में कार्यभार ग्रहण करना होगा। साथ ही VSK (विद्या समीक्षा केंद्र) ऐप के माध्यम से प्रतिदिन डिजिटल उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य होगा, जिससे विद्यालयों में शिक्षकों की वास्तविक उपस्थिति एवं शैक्षणिक व्यवस्था की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके।

जिला प्रशासन ने कहा है कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस निर्णय से शिक्षकों की कमी वाले विद्यालयों में पठन-पाठन व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और नियमित शिक्षा का लाभ मिलेगा।

जिला शिक्षा अधिकारी श्री जे.आर. डहरिया ने बताया कि आदेशों का पालन नहीं करने अथवा बिना अनुमति अनुपस्थित पाए जाने वाले शिक्षक-कर्मचारियों के विरुद्ध प्रचलित सेवा नियमों के अनुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा आदेशों के पालन की नियमित समीक्षा भी की जाएगी।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button