Raigarh News

शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म, आरोपी ने पीड़िता के पैसे व गहने भी हड़पे, आरोपी गिरफ्तार  

रायगढ़। महिला थाना रायगढ़ में 14 जुलाई को 35 वर्षीय पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए रायगढ़ पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, धोखे से रुपये एवं गहने हड़पने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोपी मो. सुल्तान अंसारी उर्फ सुल्तान खान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पीड़िता प्रकरण के अनुसार वह शहर की एक दुकान में सेल्स गर्ल के रूप में कार्य करती है। वर्ष 2025 के जनवरी माह में उसकी पहचान आरोपी सुल्तान खान से हुई थी, जो दुकान पर अक्सर सामान खरीदने आता था। दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत शुरू हुई, जिसके दौरान आरोपी ने प्रेम का इजहार करते हुए विवाह करने का वादा किया। पीड़िता द्वारा स्वयं के विवाहित होने और पति से अलग रहने की जानकारी देने के बावजूद आरोपी ने उसे अच्छे से रखने और विवाह करने का भरोसा दिया। इसी विश्वास में आरोपी 21 फरवरी 2025 को पीड़िता के किराये के मकान पहुंचा और विवाह का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद वह लगातार पीड़िता के साथ रहता रहा और बार-बार शारीरिक संबंध बनाता रहा।
शिकायत में यह भी उल्लेख है कि आरोपी ने पीड़िता पर दबाव बनाकर उसके गहने 18 अगस्त 2025 को मणप्पुरम फाइनेंस में गिरवी रखवाए और उससे प्राप्त 10 हजार रुपये अपने पास रख लिए। बाद में पीड़िता को जानकारी मिली कि आरोपी पहले से विवाहित है और उसके बच्चे भी हैं। इस संबंध में पूछने पर आरोपी ने स्वयं को अविवाहित बताकर गुमराह किया। जब पीड़िता ने 8 जनवरी 2026 को विवाह करने की बात कही तो आरोपी ने विवाद किया, विवाह से साफ इंकार कर दिया तथा गुंडे भेजकर उठवा देने की धमकी दी। भयवश पीड़िता ने अपना किराये का मकान भी बदल लिया और अंततः 14 जुलाई को महिला थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई।
महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त द्वारा पूरे घटनाक्रम से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह को अवगत कराया गया। उनके निर्देशन में महिला थाना रायगढ़ में धारा 69 एवं 351(3) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की तत्काल तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी अपने रायगढ़ स्थित निवास से फरार है तथा ट्रेलर वाहन चलाने का कार्य करता है।
सूचना मिलने पर महिला थाना एवं चौकी खरसिया की संयुक्त टीम ने ग्राम बिर्रा, जिला जांजगीर-चांपा में दबिश देकर ट्रेलर चलाते समय आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी मो. सुल्तान अंसारी उर्फ सुल्तान खान, पिता मो. शमीम अंसारी, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम महरी, थाना तरहसी, जिला पलामू (झारखंड), हाल मुकाम वार्ड क्रमांक 43, जिंदल रोड, रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने, गोरखा, थाना कोतरारोड़, रायगढ़ (छत्तीसगढ़) द्वारा अपराध स्वीकार करने पर उसका चिकित्सीय परीक्षण केजीएच रायगढ़ में कराया गया और उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button