CG NewsCrime NewsRaigarh Newsरायगढ़

मोटर व्हीकल के साथ स्टंटबाजी पड़ी महंगी,वायरल वीडियो पर पुलिस ने की कार्रवाई

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद एसएसपी ने लिया संज्ञान

स्टंट करने पहुंचे 05 युवकों को एसएसपी ने दी समझाइश, मोटर व्हीकल एक्ट के तहत *

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के संज्ञान में मेडिकल कॉलेज के पीछे एकताल रोड पर पाइप लाइन कार्य के लिए समतल की गई सड़कनुमा भूमि पर युवकों द्वारा खतरनाक तरीके से बाइक स्टंट किए जाने का मामला आया। उक्त स्थान पर कुछ बाइकर्स एवं कंटेंट क्रिएटर्स द्वारा ऊंचाई से नीचे तेज रफ्तार में बाइक चलाते हुए अपनी जान जोखिम में डालकर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए जा रहे थे। इन वीडियो के वायरल होने के बाद वहां बड़ी संख्या में युवकों की भीड़ जुटने लगी थी, जिससे किसी भी समय गंभीर दुर्घटना की आशंका उत्पन्न हो गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह द्वारा तत्काल डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह एवं थाना प्रभारी चक्रधरनगर राकेश मिश्रा को ऐसे कृत्यों में संलिप्त युवकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। निर्देशों के पालन में संबंधित स्थल पर अवरोधक लगाए गए तथा क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग और निगरानी बढ़ाई गई, ताकि दोबारा इस प्रकार की खतरनाक गतिविधियों को रोका जा सके।

इसके बावजूद कल पुनः पांच युवक उक्त स्थान पर बाइक स्टंट करने पहुंचे, जिन्हें पुलिस टीम द्वारा एसएसपी के समक्ष प्रस्तुत किया गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सभी युवकों को समझाइश देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने अथवा अधिक व्यूज़ प्राप्त करने के उद्देश्य से अपने जीवन को खतरे में डालना उचित नहीं है। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखें और उन्हें ऐसे जोखिमपूर्ण कार्यों से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित मार्ग पर कंसर्टिना कॉयल लगाए जाने की बात भी कही गई।

डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह ने बताया कि पकड़े गए स्टंटबाज युवकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधानों के तहत चालानी कार्रवाई की गई है। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थलों पर स्टंटबाजी, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने तथा आमजन की सुरक्षा को खतरे में डालने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश

*”रोमांच और सोशल मीडिया के व्यूज़ के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें। अभिभावक भी बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें ऐसे खतरनाक स्टंट से दूर रहने के लिए प्रेरित करें।”*

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button