आरबीआई द्वारा रेपो रेट यथावत रखना व्यापार एवं अर्थव्यवस्था के लिए सकारात्मक संकेत : रतन शर्मा
*आरबीआई द्वारा रेपो रेट यथावत रखना व्यापार एवं अर्थव्यवस्था के लिए सकारात्मक संकेत : रतन शर्मा
*
बरमकेला । भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा रेपो रेट को यथावत रखने के निर्णय का स्वागत करते हुए कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के जिलाध्यक्ष रतन शर्मा ने कहा कि यह निर्णय देश के व्यापार, उद्योग, एमएसएमई क्षेत्र तथा उपभोक्ताओं के लिए सकारात्मक संकेत है।
रतन शर्मा ने कहा कि रेपो रेट में किसी प्रकार की वृद्धि नहीं होने से गृह ऋण, वाहन ऋण एवं व्यावसायिक ऋण की ईएमआई पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा। इससे व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा निवेश का वातावरण मजबूत होगा। साथ ही उद्योग एवं व्यापार जगत को अपनी विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि आरबीआई द्वारा नीतिगत दरों को स्थिर बनाए रखना इस बात का संकेत है कि केंद्रीय बैंक महंगाई नियंत्रण और आर्थिक विकास के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए सजग एवं प्रतिबद्ध है। वर्तमान वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों के बीच यह निर्णय बाजार में स्थिरता और विश्वास को बढ़ाने वाला है।
रतन शर्मा ने कहा कि नकद आरक्षित अनुपात (सीआरआर) को यथावत बनाए रखने का निर्णय भी महत्वपूर्ण है, जिससे बैंकिंग प्रणाली में पर्याप्त तरलता बनी रहेगी तथा व्यापार, उद्योग और एमएसएमई क्षेत्र को ऋण उपलब्धता सुचारु रूप से जारी रहेगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आरबीआई की यह संतुलित मौद्रिक नीति देश की आर्थिक प्रगति को गति देने के साथ-साथ व्यापारिक समुदाय को भी मजबूती प्रदान करेगी। कैट इस निर्णय का स्वागत करता है और इसे देश की अर्थव्यवस्था के लिए एक सकारात्मक कदम मानता है।
