पर्यावरण दिवस पर कांग्रेस ने मनाया “प्रदूषण दिवस” पर्यावरण विभाग का घेराव कर सौंपा ज्ञापन

रायगढ़। रायगढ़ जिले में बढ़ते वायु, जल और पर्यावरण प्रदूषण को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला पर्यावरण अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले धुएं, धूल और अपशिष्ट के कारण पर्यावरण लगातार प्रदूषित हो रहा है, जिससे आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है। ज्ञापन में प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सहित कई मांगें रखी गई हैं।
रायगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शारदा यादव के नेतृत्व में जिला पर्यावरण अधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि जिले में औद्योगिक गतिविधियों के कारण वायु और जल प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। उद्योगों से निकलने वाले काले धुएं और धूल के कारण पेड़-पौधों की पत्तियों तथा मकानों की छतों पर काली परत जम रही है, जिससे पर्यावरण संतुलन और जनस्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है।
ज्ञापन में बताया गया है कि बढ़ते प्रदूषण के कारण लोगों में श्वास संबंधी बीमारियां, फेफड़ों के रोग और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ रही हैं। वहीं औद्योगिक अपशिष्ट और गंदे पानी के कारण नदी, तालाब और अन्य जल स्रोत भी प्रदूषित हो रहे हैं।
कांग्रेस ने मांग की है कि जिले में स्थापित सभी उद्योगों का नियमित निरीक्षण कराया जाए, प्रदूषण नियंत्रण यंत्रों की नियमित जांच हो तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले उद्योगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इसके अलावा वायु और जल गुणवत्ता की नियमित जांच कर उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक करने की भी मांग की गई है।
ज्ञापन में प्रदूषण प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी दल के गठन, अवैध रूप से पेड़ों की कटाई पर रोक, पर्यावरण जागरूकता अभियान चलाने, खुले में कचरा और प्लास्टिक जलाने पर प्रतिबंध लगाने तथा बड़े उद्योगों में ईएसपी, बैग फिल्टर, स्क्रबर और रियल टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम अनिवार्य करने की मांग भी शामिल है।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी जनआंदोलन के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और पर्यावरण विभाग की होगी।
पर्यावरण विभाग के विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव,पूर्व अध्यक्ष अनिल शुक्ला, ग्रामीण अध्यक्ष नगेन्द्र नेगी,पूर्व विधायक प्रकाश नायक,वरिष्ठ कांग्रेसी संतोष राय, प्रदेश प्रवक्ता हरेराम तिवारी,अरुण गुप्ता, जिला प्रवक्ता विनोद कपूर ,वासुदेव यादव, आशीष चौबे,संदीप अग्रवाल,विकास ठेठवार,वसीम खान,सत्यप्रकाश शर्मा वासुदेव प्रधान,लोकेश साहू, आशीष जायसवाल,रितेश तिवारी बरखा सिंह जानकी काटजू,लता खूंटे रिंकी पाण्डेय संजुक्ता सिंह यशोदा कश्यप बीनू बेगम पदमा चौहान रंजना पटेल संगीता गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के पक्ष में नारेबाजी करते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
