लोइंग के छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक में लगी भीषण आग, शार्ट सर्किट की आशंका

रायगढ़। चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम लोइंग में रविवार की रात उस समय अचानक हडक़ंप मच गया, जब वहां स्थित छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की इमारत में भीषण आग लग गई। रात के वक्त बैंक से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग सहम गए और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जागरूक ग्रामीणों ने तुरंत मोर्चा संभाला और अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिशों में जुट गए। इसके साथ ही उन्होंने तत्काल बैंक के अधिकारियों और फायर ब्रिगेड को मामले की सूचना दी।
सूचना मिलते ही बैंक कर्मचारी और फायर ब्रिगेड की टीम दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाने का काम शुरू किया। शुरुआती तौर पर आग लगने के सटीक कारणों का पूरी तरह से खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन प्रथम दृष्ट्या आशंका जताई जा रही है कि यह हादसा शार्ट सर्किट की वजह से हुआ होगा। फिलहाल बैंक प्रबंधन और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है और हादसे में हुए नुकसान के साथ-साथ आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
