झीरम घाटी के शहीदों को नमन के बाद नारायणपुर शिविर में गूंजा जनता का आक्रोश

विधायक विद्यावती सिदार के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जोरदार प्रदर्शन
समस्याओं के निराकरण की उठी मांग
रायगढ़। लैलूंगा क्षेत्र के नारायणपुर में आयोजित सुशासन तिहार शिविर उस समय अचानक राजनीतिक रंग में रंग गया, जब झीरम घाटी के शहीदों को श्रद्धांजलि देने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत झीरम घाटी में शहीद हुए नेताओं और जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। श्रद्धांजलि सभा के बाद माहौल तब गरमा गया, जब लैलूंगा विधायक विद्यावती सिदार की अगुवाई में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिविर स्थल पर एकत्र हो गए।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि क्षेत्र में सडक़, पेयजल, बिजली, राशन वितरण, किसानों की समस्याएं, राजस्व प्रकरण और ग्रामीण विकास योजनाओं में भारी लापरवाही बरती जा रही है। ग्रामीणों ने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।
कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन के दौरान राजस्व अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए लंबित नामांतरण, सीमांकन, पट्टा वितरण, किसानों से जुड़े मामलों और मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग की।
अचानक हुए विरोध प्रदर्शन से शिविर में मौजूद प्रशासनिक अमले में भी हलचल मच गई। अधिकारियों ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
नारायणपुर शिविर में एक ओर झीरम घाटी के शहीदों को श्रद्धांजलि देकर उन्हें याद किया गया, तो वहीं दूसरी ओर जनता की समस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश खुलकर सामने आया। पूरे कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक गतिविधियों और प्रशासनिक हलचल का माहौल बना रहा।
