जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पाण्डेय, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पाण्डेय, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
सारंगढ आज जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय एवं जिला कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी साहू द्वारा सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर जनसेवा हेतु रवाना किया गया। इस अवसर पर प्रशासन, पुलिस विभाग एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के कर-कमलों द्वारा छत्तीसगढ़ को 33 अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन एवं 400 डायल-112 वाहनों की ऐतिहासिक सौगात प्रदान की गई है, जिसके लिए प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को कोटि-कोटि धन्यवाद एवं आभार। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश में सुशासन, सुरक्षा एवं आधुनिक तकनीक के माध्यम से जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
जिला कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी साहू ने कहा कि मोबाइल फॉरेंसिक वैन के माध्यम से अब घटनास्थल पर ही वैज्ञानिक जांच की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी, जिससे अपराधों की त्वरित एवं निष्पक्ष जांच सुनिश्चित होगी। इससे अपराध नियंत्रण, त्वरित न्याय व्यवस्था एवं आमजन की सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
यह अत्याधुनिक सुविधा पुलिस प्रशासन को तकनीकी रूप से और अधिक सशक्त बनाएगी तथा आम नागरिकों को त्वरित एवं बेहतर सुरक्षा सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय, एसडीओपी स्नेहिल साहू, अधिवक्ता प्रफुल्ल तिवारी, कुलदीप पटेल, सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
