Raigarh News

महिला से दुष्कर्म के मामले में धरमजयगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई

शिकायत दर्ज होते ही आरोपी को घर से दबिश देकर किया गिरफ्तार
परिचित युवक ने महिला को डरा-धमकाकर किया शारीरिक शोषण
लोकलाज के डर से चुप रही पीडि़ता, बाद में पति को बताई आपबीती
धरमजयगढ़ थाना में आरोपी के विरुद्ध धारा 64(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज

रायगढ़। धरमजयगढ़ पुलिस ने महिला से दुष्कर्म की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। पीडि़ता द्वारा कल थाना धरमजयगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई की गई।
पीडि़ता (उम्र 27 वर्ष) का बयान महिला पुलिस अधिकारी द्वारा लिया गया, जिसमें उसने बताया कि आरोपी दिनेश कौशिक निवासी ग्राम बोरो, उसके एवं उसके पति का परिचित है और पिछले लगभग एक माह से दोनों के बीच बातचीत हो रही थी। पीडि़ता के अनुसार 06 मई की दोपहर आरोपी उसके घर आया था। उस समय वह घर के आंगन में नहा रही थी। आरोपी ने उसके पति के बारे में पूछा, जिस पर उसने पति के घर में नहीं होने की बात कही और अपने कमरे में चली गई। आरोप है कि आरोपी पीछे-पीछे कमरे में पहुंचा, दरवाजा बंद कर जबरदस्ती उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया तथा घटना के बारे में किसी को बताने पर धमकी दी।
महिला ने लोकलाज के डर से घटना की जानकारी किसी को नहीं दी। इसी बीच 07 मई को आरोपी ने पुन: महिला को डरा-धमकाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया। बाद में पीडि़ता ने 14 मई को अपने पति को पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर थाना धरमजयगढ़ में धारा 64(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी धरमजयगढ़ निरीक्षक राजेश जांगड़े द्वारा आरोपी दिनेश कौशिक पिता राम प्रसाद कौशिक उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम बोरो थाना धरमजयगढ़ को उसके घर पर दबिश देकर पकड़ा गया। आरोपी को गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button