Raigarh News

सोना चांदी के महंगाई पर कांग्रेस का धरना-विरोध प्रदर्शन

रायगढ़। केन्द्र की भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण देश व प्रदेश में पेट्रोल-डीजल, खाद्य सामग्री एवं सराफा (सोना-चांदी) की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम जनता का जीवन अत्यंत कठिन बना दिया है। महंगाई के कारण मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर, व्यापारी एवं आम नागरिक आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिससे जनता में व्यापक आक्रोश व्याप्त है।
इसी तारतम्य में प्रदेश के समस्त जिला एवं ब्लाक मुख्यालयों में तीन दिवसीय धरना व विरोध प्रदर्शन के तीसरे दिन रायगढ़ जिला कांग्रेस द्वारा सोना-चांदी (सराफा) बाजार के अंतर्गत सुभाष चौक क्षेत्र में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव के मार्गदर्शन पर ब्लॉक अध्यक्ष (मध्य क्षेत्र) संदीप अग्रवाल के नेतृत्व में सोना-चांदी (सराफा) के बढ़ते दामों तथा मोदी सरकार द्वारा एक वर्ष तक सोना न खरीदने के आह्वान के विरोध में आम जनता के साथ कांग्रेस जनों ने सोना चांदी के बढ़ते कीमतों को वापस लेने की मांग करते हुए स्लोगन लिखे तख्ती लेकर जमकर नारेबाजी कर धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया गया।
इस दौरान सोना चांदी के बढ़ते दामों पर आम जनता और सराफा व्यवसायियों से संवाद कर उनकी प्रतिक्रिया ली गई जिसपर जनता ने सोना-चांदी, पेट्रोल-डीजल, गैस , खाद्य सामग्री सहित अन्य आवश्यक उपयोग की वस्तुओं के दामों की बढ़ोतरी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए आगामी भविष्य के लिए घोर चिंताजनक वताया और मोदी सरकार की गलत नीतियों को जमकर कोसा, सराफा व्यवसायियों ने सोना चांदी के बढ़ते दामों व मोदी सरकार के सोना न खरीदने के आह्वान को सराफा व्यवसाय पर कुठाराघात निरुपित करते हुए सराफा कारीगर व कर्मचारियों के लिए महंगाई के इस दौर में आर्थिक संकटों का बोझ बढ़ाने वाला सरकार का गलत कदम बताया।
विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव ने अपने व्यक्तव्य में बताया कि 2014 के पहले वैश्विक स्तर पर आर्थिक मंदी का दौर विकराल स्थिति पर थी उसके बावजूद भी कांग्रेस की मनमोहन सरकार ने खाद्य सामग्री,पेट्रोल-डीजल गैस सहित सभी आवश्यक वस्तुओं के दामों को नियंत्रित कर स्थिर बनाए रखने में आर्थिक प्रबंधन कुशल तरीके से किया था और जब से केंद्र में मोदी सरकार आसीन हुई तब से खाद्य सामग्री,पेट्रोल-डीजल,गैस सहित सभी वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं,देश में महंगाई बेलगाम हो गई है जनता त्रस्त हो रही है और सरकार में जनता के प्रति कोई सरोकार दिखाई नहीं दे रही है।
सोना चांदी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी ने आम परिवारों, खासकर विवाह एवं सामाजिक जरुरतों से जुड़े लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
हम सरकार से मांग करते हैं कि बढ़ती महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएँ , सोना-चांदी,पेट्रोल-डीजल गैस एवं आवश्यक खाद्य सामग्रियों की कीमतों पर राहत देते हुए उपलब्धता और मूल्य नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए ताकि आम नागरिक को राहत मिल सके।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button