spot_img

Latest Posts

ओपी चौधरी की पहल से परसा में बनेंगे दो नए स्कूल भवन, डीएमएफ से 33.90 लाख मंजूर

रायगढ़। जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में शिक्षा सुविधाओं के विस्तार के लिए धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत बैरागी के आश्रित ग्राम परसा में प्राथमिक और माध्यमिक शाला के नए भवन बनाए जाएंगे। जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) से दोनों भवनों के निर्माण के लिए कुल 33 लाख 90 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी की पहल के तहत स्वीकृत इन कार्यों से गांव के बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।

परसा में नवीन प्राथमिक शाला भवन के निर्माण के लिए 14 लाख 30 हजार रुपये और नवीन माध्यमिक शाला भवन के लिए 19 लाख 60 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। दोनों निर्माण कार्यों को उच्च प्राथमिकता में रखा गया है। यह स्वीकृति डीएमएफ की शासी परिषद की 11 मई 2026 को आयोजित बैठक में लिए गए निर्णय के अनुरूप जारी की गई है।

निर्माण कार्यों की जिम्मेदारी जनपद पंचायत धरमजयगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को सौंपी गई है। नए भवन बनने से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध कराने और गांव में शैक्षणिक सुविधाओं को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है। जिला प्रशासन जिले के दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में शिक्षा सहित बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए डीएमएफ की राशि का उपयोग कर रहा है।

डीएमएफ का उद्देश्य खनन प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों को बढ़ावा देना और स्थानीय लोगों को आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। परसा में प्राथमिक और माध्यमिक शाला भवनों का निर्माण इसी उद्देश्य के तहत स्वीकृत किया गया है।

जिला प्रशासन ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। निर्माण शुरू होने से पहले, कार्य के दौरान और निर्माण पूरा होने के बाद स्थल के फोटो लेना अनिवार्य होगा। इसके अलावा कार्यस्थल पर सूचना फलक लगाया जाएगा, जिसमें योजना का नाम, स्वीकृत राशि और निर्माण कार्य शुरू होने तथा पूरा होने की तिथि दर्ज रहेगी।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss