November 7, 2026

बिटिया वर्क @ अभियान के तहत 20 छात्राओं ने किया कलेक्टोरेट, पुलिस अधीक्षक एवं जिला पंचायत कार्यालय का शैक्षणिक भ्रमण

0

बिटिया वर्क @ अभियान के तहत 20 छात्राओं ने किया कलेक्टोरेट, पुलिस अधीक्षक एवं जिला पंचायत कार्यालय का शैक्षणिक भ्रमण

कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और जिला पंचायत सीईओ से किया संवाद; प्रशासनिक कार्यप्रणाली और करियर के अवसरों की ली जानकारी

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 7 नवंबर 2026। बालिकाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा उन्हें प्रशासनिक व्यवस्था से परिचित कराने के उद्देश्य से ‘बिटिया वर्क @ अभियान’ के अंतर्गत जिले की 20 छात्राओं को विभिन्न शासकीय कार्यालयों का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार और जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी के मार्गदर्शन में कक्षा 10वीं, 11वीं एवं 12वीं की छात्राओं ने कलेक्टोरेट, पुलिस अधीक्षक कार्यालय और जिला पंचायत कार्यालय का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने शासकीय कार्यालयों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक व्यवस्था और जनसेवा से जुड़े कार्यों को करीब से जाना।

भ्रमण के दौरान छात्राओं ने कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू, डिप्टी कलेक्टर श्री विजय सिंह राणा, पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी से सौजन्य भेंट कर संवाद किया। अधिकारियों ने छात्राओं को अपने-अपने विभागों की भूमिका और जिम्मेदारियों की जानकारी दी तथा उनके सवालों का जवाब दिया।

कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने छात्राओं को जिले में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, प्रशासनिक व्यवस्था और शासकीय कार्यप्रणाली के बारे में बताया। उन्होंने छात्राओं को जीवन में स्पष्ट लक्ष्य तय करने और एकाग्रता, अनुशासन एवं निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। छात्राओं को कलेक्टर निवास का भी अवलोकन कराया गया, जहां उन्हें कलेक्टर के कार्य और दायित्वों से जुड़ी जानकारी मिली।

डिप्टी कलेक्टर श्री विजय सिंह राणा ने अपने विद्यालयीन जीवन के अनुभव साझा करते हुए प्रशासनिक सेवा में आने की प्रक्रिया, अधिकारियों के दायित्व और उनके कार्यों के बारे में बताया। पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिक सुरक्षा में पुलिस की भूमिका से छात्राओं को अवगत कराया। उन्होंने यूपीएससी परीक्षा की तैयारी, नियमित अध्ययन और अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को प्रशासनिक सेवाओं में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना, बिहान योजना, मनरेगा और स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीण विकास में पंचायतों की भूमिका और योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रक्रिया को भी समझाया।

‘बिटिया वर्क @ अभियान’ के तहत आयोजित इस भ्रमण से छात्राओं को शासकीय कार्यालयों की वास्तविक कार्यप्रणाली समझने, प्रशासनिक अधिकारियों के अनुभवों से सीखने और अपने भविष्य के लक्ष्य तय करने का अवसर मिला। यह पहल बालिकाओं को आत्मविश्वासी, आत्मनिर्भर और नेतृत्व क्षमता से परिपूर्ण बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Advertisement Carousel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed