Raigarh News

जिले में फर्जी जॉब ऑफर्स, फिशिंग लिंक और ऑनलाइन ठगी से बचाव के लिए युवाओं को किया गया जागरूक।आज जिले के करीब 66 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर, 5,205 लोगों को जानकारी दी गई।

 

जिले में फर्जी जॉब ऑफर्स, फिशिंग लिंक और ऑनलाइन ठगी से बचाव के लिए युवाओं को किया गया जागरूक।आज जिले के करीब 66 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर, 5,205 लोगों को जानकारी दी गई।

🔶ऑनलाइन जॉब ऑफर, फर्जी जांच एजेंसियों और पैसों की मांग करने वाले गिरोहों से सतर्क रहने की अपील।

🔶”फिशिंग लिंक” के बारे में भी किया गया आगाह।

🔶साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर रिपोर्ट दर्ज कराएं।

छत्तीसगढ़ पुलिस के दिशा-निर्देशों के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में 15 अगस्त 2026 से 2 अक्टूबर 2026 तक “साइबर जागृति अभियान” चलाया जा रहा है। इसी क्रम में, आगामी 2 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के पांचवें सप्ताह (13.09.2026 से 19.09.2026) का मुख्य उद्देश्य असंगठित क्षेत्र में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं और श्रमिकों को डिजिटल धोखाधड़ी से बचाना है।

इस कड़ी में आज जिले के सभी थानों, चौकियों, गांवों, स्कूलों और कॉलेजों को मिलाकर कुल 66 स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग 5,205 आम नागरिकों और विशेषकर युवाओं को डिजिटल सुरक्षा और साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीमों ने विस्तार से जानकारी दी कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी किस प्रकार असंगठित क्षेत्र के युवाओं और श्रमिकों को निशाना बना रहे हैं। फर्जी नौकरी के विज्ञापनों, लुभावने ऑनलाइन जॉब ऑफर्स, फर्जी भर्ती एजेंसियों और रजिस्ट्रेशन या वेरिफिकेशन के नाम पर पैसों की मांग करने वाले गिरोहों से कैसे सतर्क रहें, इस पर विशेष जोर दिया गया।

इसके साथ ही, पुलिस ने फिशिंग लिंक के खतरों के बारे में भी लोगों को आगाह किया। उन्होंने बताया कि ठग अक्सर मोबाइल पर आकर्षक नौकरी या इनाम के फर्जी मैसेज भेजकर मिलते-जुलते नाम वाली नकली वेबसाइट्स पर क्लिक करने के लिए उकसाते हैं। इन लिंक्स पर क्लिक करते ही या अपनी निजी और बैंक से जुड़ी जानकारी दर्ज करते ही, ठग बैंक खाते खाली कर देते हैं। इसलिए यह अपील की गई कि किसी भी अनजान या संदेहास्पद लिंक पर बिल्कुल क्लिक न करें।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि असंगठित क्षेत्र के युवाओं और श्रमिकों को रोजगार कार्यालय, आईटीआई, कौशल विकास केंद्रों, श्रमिक सहायता केंद्रों, औद्योगिक क्षेत्रों और अन्य रोजगारोन्मुख केंद्रों के माध्यम से जोड़कर जागरूक करना आवश्यक है। इन माध्यमों से जुड़कर लोग सुरक्षित तरीकों से रोजगार प्राप्त कर सकते हैं और साइबर अपराधियों के जाल में फंसने से बच सकते हैं।

इसके अलावा, पुलिस टीम ने नागरिकों से अपील की है कि नौकरी के नाम पर पैसे की मांग करने वालों से सावधान रहें, अपनी निजी जानकारी साझा न करें, एटीएम पिन, ओटीपी, यूपीआई पिन किसी को न बताएं और किसी भी संदेहास्पद फिशिंग फ्रॉड की सूचना तुरंत अपने नजदीकी थाने या साइबर हेल्प डेस्क को दें। साथ ही, राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके अपनी रिपोर्ट दर्ज कराएं, ताकि समस्या का त्वरित समाधान हो सके।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button