Raigarh News

खेल शिक्षा के क्षेत्र के प्रेरणास्रोत प्रमोद कुमार यादव का अधिवार्षिकी विदाई सह सम्मान समारोह संपन्न

खेल शिक्षा के क्षेत्र के प्रेरणास्रोत प्रमोद कुमार यादव का अधिवार्षिकी विदाई सह सम्मान समारोह संपन्न

,सारंगढ़ 19 जुलाई 2026।

शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बरमकेला में व्यायाम शिक्षक श्री प्रमोद कुमार यादव के अधिवार्षिकी विदाई सह सम्मान समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों, खेल प्रशिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने उनके दीर्घ, उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायी सेवाकाल की सराहना करते हुए भावभीनी विदाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

श्री प्रमोद कुमार यादव ने लगभग 43 वर्षों तक शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में समर्पित भाव से अपनी सेवाएँ प्रदान कीं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कुशल मार्गदर्शन, अनुशासन एवं अथक प्रयासों से अनेक विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कर विद्यालय, जिले एवं प्रदेश का गौरव बढ़ाया।

वर्ष 2022 से 2025 तक उन्होंने सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी (ए.डी.एस.ओ.), सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में भी उल्लेखनीय सेवाएँ दीं। अपने पूरे सेवाकाल में उन्होंने ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ दायित्वों का निर्वहन किया। खेल प्रतिभाओं को निखारने तथा विद्यार्थियों में खेल भावना विकसित करने में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।

समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों ने श्री यादव के स्वस्थ, सुखद एवं यशस्वी जीवन की मंगलकामना करते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व, कार्यशैली एवं समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

शुभकामनाएँ प्रेषित करने वालों में शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ, रायगढ़ के जीतेश्वर प्रधान, जभर उल्लाह सिद्दीकी, आबिद अंसारी, संजय शुक्ला एवं अभिषेक गुप्ता तथा सारंगढ़ से फकीरा यादव, नंद कुमार बंजारे, लोकेन्द्र नाथ पटेल, अमित पटेल एवं शिव बघेल सहित अनेक शिक्षकों, खेल प्रशिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों ने श्री प्रमोद कुमार यादव के उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button