रायगढ़। जिले के चार क्रिकेट खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर चयनित होकर रायगढ़ का नाम रोशन किया है। जिला क्रिकेट संघ की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, अंडर-16 और अंडर-19 प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर इन खिलाड़ियों को छत्तीसगढ़ की अलग-अलग टीमों में जगह मिली है।
जिला क्रिकेट संघ के सचिव रामचंद्र शर्मा ने बताया कि बीसीसीआई के आदेश और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के निर्देश पर जिला क्रिकेट संघ रायगढ़ की अंडर-16 और अंडर-19 टीमों ने प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया था। इसमें खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर चार क्रिकेटरों का राज्य स्तर पर चयन हुआ है।
चयनित खिलाड़ियों में अंकित मिश्रा ने अपने ऑलराउंड प्रदर्शन के आधार पर अंडर-19 की टेस्ट टीम में स्थान बनाया है। अनूप चौबे को गेंदबाज के रूप में छत्तीसगढ़ की अंडर-16 टीम में चुना गया है। इसी टीम में ऑलराउंडर चंद्र प्रकाश साहू को भी जगह मिली है। वहीं, बल्लेबाज अंकुश कुमार का चयन अंडर-19 के एलीट मैचों की प्लेट कंबाइंड टीम में हुआ है।
जिला क्रिकेट संघ के अनुसार, अंकित मिश्रा और अनूप चौबे तेज गेंदबाज हैं, जबकि चंद्र प्रकाश साहू और अंकुश कुमार ऑलराउंडर हैं। इन खिलाड़ियों के चयन पर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष संतोष पांडेय और सचिव रामचंद्र शर्मा ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
इसके अलावा वरिष्ठ खिलाड़ियों संतोष मिश्रा, महेश्वर मिश्रा, पंकज वेदर बोहिदार, जफरुल्लाह सिद्दीकी, अभिषेक गुप्ता, शानू भयानी, राजा गोरख, अमित कुंवर, महेश दधीचि, विशाल सिंघानिया, महेश वर्मा, चंद्रेश यादव और खिलेश कुमार सहित कोषाध्यक्ष आशीष शर्मा तथा किशोर पटनायक ने भी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं।

