Raigarh News

ऑपरेशन आघात में 48 घंटे की बड़ी कार्रवाई, रायगढ़ पुलिस ने 121 लीटर अवैध शराब पकड़ी

रायगढ़ | रायगढ़ जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस का “ऑपरेशन आघात” लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पिछले 48 घंटों के दौरान पुलिस ने शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक कई जगहों पर कार्रवाई की। जूटमिल और कोतवाली क्षेत्र में अंग्रेजी शराब व बीयर, जबकि तमनार, छाल और घरघोड़ा में बड़ी मात्रा में कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। पुलिस के अनुसार अलग-अलग मामलों में कुल 121.250 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है। सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।

जूटमिल में शराब और बीयर जब्त

जूटमिल पुलिस ने 21 अगस्त को टाउन पेट्रोलिंग के दौरान मिली सूचना के आधार पर काशीराम चौक के पास हमर ढाबा के पीछे घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार यहां संदिग्ध अवस्था में मिले युवक की पहचान कृष्णा सारथी, उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 180 एमएल की 25 देशी शराब की बोतलें बरामद हुईं। इनकी मात्रा 4.500 बल्क लीटर बताई गई है। इसके अलावा झाड़ियों में छिपाकर रखी गई 650 एमएल की पांच बीयर बोतलें भी मिलीं, जिनकी मात्रा 3.250 बल्क लीटर थी। पुलिस ने कुल 7.750 लीटर शराब और बीयर, जिसकी कीमत करीब 3,050 रुपये बताई गई है, जब्त की। आरोपी के पास शराब रखने या बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। मामले में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत कार्रवाई की गई।

रेलवे स्टेशन के बाहर 22.5 लीटर अंग्रेजी शराब

कोतवाली पुलिस ने भी 21 अगस्त को रेलवे स्टेशन के बाहर शिव मंदिर के पास कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बैग में अंग्रेजी शराब रखकर बिक्री कर रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने सुरिस्ठ सिंह, उम्र 62 वर्ष, निवासी रांची को पकड़ा। तलाशी के दौरान अलग-अलग बैगों से TEACHERS, BLACK DOG और VAT 69 सहित कुल 22.5 बल्क लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक जब्त शराब की कीमत करीब 34 हजार रुपये है। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 1,000 रुपये भी बरामद किए गए। आरोपी शराब रखने अथवा बिक्री के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है।

तमनार में दो कार्रवाई, 51 लीटर महुआ शराब

तमनार थाना क्षेत्र में पुलिस ने लगातार दो मामलों में कुल 51 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की। पहली कार्रवाई ग्राम मिलूपारा-खम्हरिया मार्ग पर की गई, जहां पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर संतकुमार यादव, उम्र 43 वर्ष, निवासी लालपुर को पकड़ा। उसके कब्जे से 20 लीटर क्षमता वाली जरीकेन में रखी 20 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई।
दूसरी कार्रवाई 22 अगस्त को टांगरघाट में हुई। पुलिस ने परवन कुमार राठिया, उम्र 28 वर्ष, के घर की कोलाबाड़ी में दबिश दी। यहां जरीकेन और अलग-अलग प्लास्टिक बोतलों में कुल 31 लीटर कच्ची महुआ शराब मिली। पुलिस ने इसकी कीमत करीब 6,200 रुपये बताई है। मौके से शराब बिक्री की 200 रुपये की रकम भी जब्त की गई। दोनों मामलों में आरोपियों के पास शराब बिक्री का वैध लाइसेंस नहीं मिला। छाल पुलिस ने 21 अगस्त को ग्राम सारसमार मेन रोड के किनारे कार्रवाई करते हुए संजय कुमार साण्डेल, उम्र 45 वर्ष को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से अलग-अलग प्लास्टिक बोतलों में रखी 14 लीटर हाथभट्ठी की कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत करीब 2,800 रुपये बताई गई है। शराब बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
घरघोड़ा पुलिस ने 22 अगस्त को ग्राम बैहामुड़ा में मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस ने लक्ष्मीनारायण सारथी, उम्र 41 वर्ष के घर की बाड़ी में दबिश दी। तलाशी के दौरान तीन प्लास्टिक जरीकेन से कुल 26 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने इसकी अनुमानित कीमत 5,200 रुपये बताई है। आरोपी के पास शराब बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस ने शराब जब्त कर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। रायगढ़ पुलिस का अभियान केवल अवैध शराब की बिक्री और परिवहन तक सीमित नहीं है। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार थाना चक्रधरनगर क्षेत्र के मालीडिपा और कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के कोसमनारा चौक में सार्वजनिक रूप से शराबखोरी करते पाए गए लोगों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 36(च) के तहत कार्रवाई की गई।
EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button