spot_img

Latest Posts

ओपी चौधरी ने पंचपारा में विद्यार्थियों की प्रतिभा को सराहा, विजेताओं का सम्मान

रायगढ़ के पुसौर स्थित शासकीय हाई स्कूल पंचपारा में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता सह-प्रदर्शनी तथा शिक्षकों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए चित्रों का अवलोकन किया और बच्चों से बातचीत कर उनकी प्रतिभा एवं रुचियों के बारे में जानकारी ली। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान ओपी चौधरी ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सामने आगे बढ़ने के अनेक अवसर मौजूद हैं और सही मार्गदर्शन के साथ इन अवसरों का उपयोग कर वे अपने निर्धारित लक्ष्य हासिल कर सकते हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ने छत्तीसगढ़ में शिक्षा और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों का उल्लेख किया। उन्होंने रायगढ़ में नर्सिंग कॉलेज, संगीत महाविद्यालय और नालंदा परिसर जैसी सुविधाओं का जिक्र करते हुए विद्यार्थियों से इनका अधिक से अधिक लाभ लेने का आग्रह किया।

प्रतियोगिता में विकासखंड के प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्तर के विभिन्न संकुलों से चयनित विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत-2047’ की कल्पना को अपने चित्रों में उकेरा। अलग-अलग विषयों पर बच्चों ने रंगों के माध्यम से अपनी रचनात्मक सोच और कल्पनाशीलता को प्रस्तुत किया। भाषण प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ अपने विचार रखे।

प्राथमिक स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता में संजना प्रजापती ने प्रथम, रोशनी चौहान ने द्वितीय और परिधी चौहान ने तृतीय स्थान हासिल किया। भाषण प्रतियोगिता में फातिमा महंत प्रथम, कुमकुम श्रीवास द्वितीय और पूजा चौहान तृतीय रहीं।

माध्यमिक स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता में प्राची मेहर ने प्रथम, मिथिला पटेल ने द्वितीय और भूमिका निषाद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी स्तर की भाषण प्रतियोगिता में मीनाक्षी साहू प्रथम, शिबिका कुमारी द्वितीय और महिमा गुप्ता तृतीय रहीं।

हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता में गरिमा पटेल प्रथम, नियति प्रधान द्वितीय और योगेश संजय तृतीय रहे। भाषण प्रतियोगिता में तुषार चौहान ने प्रथम, प्रिन्सी पटेल ने द्वितीय और रूची चौधरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के दौरान कक्षा 5वीं और 8वीं में अध्यापन कराने वाले शिक्षकों के लिए विशेष कार्यशाला भी आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के संबंध में शिक्षकों को मार्गदर्शन दिया गया।

कार्यशाला में कक्षा 5वीं के विद्यार्थियों के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय, एकलव्य, जवाहर उत्कर्ष और सैनिक स्कूल जैसी परीक्षाओं की तैयारी तथा कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों के लिए प्रयास, राष्ट्रीय साधन-सह-प्रावीण्य परीक्षा और श्रेष्ठा जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित जानकारी दी गई।

विशेषज्ञ शिक्षकों ने परीक्षा की तैयारी, अध्ययन की रणनीति और विद्यार्थियों को बेहतर तरीके से तैयार करने के तरीकों पर जानकारी साझा की। कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए व्यवस्थित तैयारी कराने और उपलब्ध अवसरों से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य भाग्यवती डोल नारायण एवं बृजेश गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष हेमलता चौहान, उपाध्यक्ष खीरमती चौहान, नगर पंचायत अध्यक्ष मानी मोहित सतपथी, जनपद सदस्य मुक्तेश्वर पंडा, विकास केडिया, विलिश गुप्ता, संदीप पंडा और जैमिनी गुप्ता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, जिला शिक्षा अधिकारी श्यामानंद साहू, डीएमसी आलोक स्वर्णकार, विकासखंड शिक्षा अधिकारी पुसौर भुवनेश्वर पटेल सहित विभिन्न संकुलों के सीएसी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के आयोजन में हाई स्कूल पंचपारा की प्राचार्य सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं का सहयोग रहा।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss