Raigarh News

डॉक्टर्स डे पर बरमकेला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों का हुआ भव्य सम्मान,मरीजों को फल वितरित कर दिया सेवा और संवेदना का संदेश*रतन शर्मा ने डाक्टरों की योगदान की सराहना

*डॉक्टर्स डे पर बरमकेला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों का हुआ भव्य सम्मान,मरीजों को फल वितरित कर दिया सेवा और संवेदना का संदेश*रतन शर्मा ने डाक्टरों की योगदान की सराहना*

बरमकेला। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (डॉक्टर्स डे) के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरमकेला में चिकित्सकों के सम्मान में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के विभिन्न संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों ने चिकित्सकों को शॉल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया तथा मानव सेवा में उनके अमूल्य योगदान की मुक्तकंठ से सराहना की।
कार्यक्रम में कैट के जिलाध्यक्ष एवं जिला रेडक्रास सोसायटी प्रबंध समिति के सदस्य रतन शर्मा, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि मनोहर नायक, जिला रेडक्रास सोसायटी प्रबंध समिति के सदस्य मोहन नायक एवं अधिवक्ता रामेश्वर बारीक, पार्षद सुनील शर्मा तथा कैट के पदाधिकारी मनोज अग्रवाल एवं महावीर अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कैट के जिलाध्यक्ष रतन शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि चिकित्सक वास्तव में भगवान का दूसरा स्वरूप हैं, जो अपने ज्ञान, समर्पण और सेवा भावना से लोगों को नया जीवन प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज में डॉक्टरों की भूमिका केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि वे हर परिस्थिति में मानवता की सेवा का सर्वोच्च उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने सभी चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके स्वस्थ एवं सफल जीवन की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. नारायण राठौर एवं डॉ. हेमंत नायक ने भी अपने विचार व्यक्त किए और समाज द्वारा दिए गए इस सम्मान के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और अधिक समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ अपनी सेवाएं देने के लिए प्रेरित करेगा।
डॉक्टर्स डे के इस विशेष आयोजन में स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारियों का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम का सबसे भावुक और प्रेरणादायक क्षण तब देखने को मिला, जब अस्पताल में भर्ती मरीजों को नन्ही बच्ची अनमोल के हाथों फल वितरित किए गए। मासूम बच्ची की निश्छल मुस्कान और प्रेमपूर्ण भाव ने मरीजों के चेहरों पर खुशी बिखेर दी तथा पूरे अस्पताल परिसर में अपनत्व और संवेदना का वातावरण बन गया।
पूरे आयोजन के दौरान चिकित्सकों की सेवा, समर्पण और मानवता के प्रति उनके योगदान की सराहना की गई। उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में कहा कि बरमकेला के चिकित्सक निस्वार्थ भाव से क्षेत्रवासियों की सेवा कर रहे हैं और उनका सम्मान समाज का नैतिक दायित्व है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवधेश पाणिग्राही की भी सभी अतिथियों ने विशेष रूप से प्रशंसा की। वक्ताओं ने कहा कि उनके कुशल नेतृत्व और सतत प्रयासों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरमकेला ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं और अस्पताल निरंतर नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।
डॉक्टर्स डे पर आयोजित यह सम्मान समारोह सेवा, संवेदना और समाज के प्रति चिकित्सकों के समर्पण को समर्पित एक यादगार आयोजन बन गया, जिसने डॉक्टरों और समाज के बीच विश्वास एवं सम्मान के रिश्ते को और अधिक मजबूत किया।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button