CG NewsRaigarh Newsरायगढ़

कुड़केला धान मंडी में हाथी का आतंक, 30 हजार क्विंटल धान पर मंडराया भारी संकट

घरघोड़ा। छाल जिले के कुड़केला स्थित धान मंडी में बीती रात उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक एक जंगली हाथी मंडी परिसर में घुस आया।हाथी ने मंडी में जमकर उत्पात मचाते हुए धान से भरी बोरियों को बेरहमी से इधर-उधर पटक दिया, जिससे हजारों क्विंटल धान को नुकसान पहुंचने की आशंका गहरा गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी के अचानक प्रवेश से मंडी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मंडी में कार्यरत कर्मचारियों ने किसी तरह अपनी जान बचाकर भागने में ही भलाई समझी। कर्मचारियों का कहना है कि “रात के अंधेरे में अचानक हाथी मंडी के भीतर आ गया, जान बचाना ही सबसे बड़ी चुनौती बन गई।”

बताया जा रहा है कि वर्तमान में मंडी परिसर में लगभग 30 हजार क्विंटल धान खुले आसमान के नीचे पड़ा हुआ है, जिस पर अब दोहरा खतरा मंडरा रहा है—एक ओर जंगली हाथियों का आतंक, तो दूसरी ओर समय पर उठाव न होने की स्थिति में भारी आर्थिक नुकसान की आशंका।

*हाथी के उत्पात के बाद मंडी प्रबंधन और स्थानीय किसानों में दहशत का माहौल व्याप्त है।* तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि किस प्रकार धान से भरी बोरियां अस्त-व्यस्त पड़ी हुई हैं, जिससे किसानों की मेहनत पर संकट के बादल छा गए हैं।

*घटना के बाद वन विभाग ने तत्परता दिखाते हुए अलर्ट जारी कर दिया है* और रात के समय मंडी की ओर जाने पर रोक लगा दी गई है। बावजूद इसके, सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में खुले में रखे 30 हजार क्विंटल धान की सुरक्षा आखिर कैसे सुनिश्चित की जाएगी?
*गौरतलब है कि कुड़केला धान मंडी पहले से ही विभिन्न विवादों को लेकर सुर्खियों में रही है।* हाल ही में समाचार माध्यमों के जरिए मंडी से जुड़े अव्यवस्थाओं और विवादों की जानकारी सामने आई थी, और अब हाथी के आतंक ने मंडी प्रबंधन की चुनौतियों को और बढ़ा दिया है।

यदि शीघ्र ही धान का उठाव एवं समुचित सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई, तो किसानों को भारी आर्थिक क्षति झेलनी पड़ सकती है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन, वन विभाग और मंडी प्रबंधन मिलकर इस गंभीर समस्या का क्या समाधान निकालते हैं।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button