CG NewsRaigarh Newsरायगढ़

जूनियर्स ने सीनियर्स को दी भावपूर्ण विदाई : यादों, संगीत और प्रेरक संदेशों से गूंजा रायकेरा का स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय

अनुशासन, लक्ष्य और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ो यही सफलता की सच्ची राह है : एस के कर्ण

घरघोड़ा – रायगढ़। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय, रायकेरा में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए कक्षा 11वीं के जूनियर विद्यार्थियों द्वारा एक गरिमामय एवं भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संस्था के मुखिया एवं जिला नोडल अधिकारी छात्रवृत्ति शाखा एस. के. कर्ण के कुशल नेतृत्व में अत्यंत सुव्यवस्थित एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ।
समारोह के दौरान विद्यालय परिसर स्मृतियों, आत्मीयता और भावनाओं से सराबोर नजर आया। सीनियर विद्यार्थियों ने अपने विद्यालयीन जीवन के संघर्ष, उपलब्धियाँ और अविस्मरणीय पलों को साझा किया, जिससे वातावरण भावुक हो उठा।


प्राचार्य एस के कर्ण ने अपने उद्बोधन में कहा कि अनुशासन एवं निरंतर परिश्रम ही सफलता की कुंजी है तथा बिना मेहनत के जीवन में प्रगति संभव नहीं है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि सभी विद्यार्थी टॉप-10 में स्थान प्राप्त करते हैं, तो सभी विद्यार्थियों को भी मेरी तरफ से ₹25,000-₹25,000 की नगद राशि प्रदान की जाएगी। इस घोषणा से विद्यार्थियों में लक्ष्य के प्रति नई ऊर्जा,आत्मविश्वास एवं जवाबदेही की भावना विकसित हुई।संस्कारों एवं हरित वातावरण से युक्त यह विद्यालय आज जिले में एक अनुकरणीय एवं विशिष्ट पहचान स्थापित कर चुका है।


इस अवसर पर सेजेस कोतरा के नोडल अधिकारी वीर सिंह ने अपने उद्बोधन में विद्यालय से जुड़ी पुरानी स्मृतियों को ताजा करते हुए कहा कि इस बैच को उन्होंने कक्षा 9वीं से पढ़ाया है और आज इन्हें इस मुकाम पर देखकर गर्व की अनुभूति हो रही है। उन्होंने विद्यार्थियों को नसीहत देते हुए कहा कि अपने माता-पिता के सपनों को सदैव अपने सामने रखें, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करें और पूरी निष्ठा से परिश्रम करें। आप इस देश का भविष्य हैं।

आने वाले समय में आप जिम्मेदार नागरिक बनेंगे, किसी के जीवनसाथी बनेंगे और समाज व परिवार की बड़ी जिम्मेदारियाँ आपके कंधों पर होंगी। शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जो आपको आगे बढ़ने का मार्ग दिखाती है।
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक केंद्र हितेश्वर निषाद एवं उत्तम नगेसिया सर द्वारा तबला एवं संगीत के माध्यम से प्रस्तुत किया गया स्वागत गीत रहा, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने भरपूर सराहना दी। उनकी प्रस्तुति ने पूरे समारोह को विशेष गरिमा प्रदान की।

समारोह में अन्य शिक्षकों ने भी अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यार्थियों ने भी अपने जीवन के बहुमूल्य विद्यालयीन पलों को सभी के साथ साझा किया, जिसने समारोह को और अधिक भावनात्मक बना दिया।कार्यक्रम का सफल संचालन कक्षा 11वीं की छात्राओं द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों के लिए भोजन व्यवस्था भी की गई, जिससे आयोजन और अधिक आत्मीय एवं स्मरणीय बन गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता एनएसएस के अधिकारी एवं वरिष्ठ व्याख्याता रामकुमार पटेल द्वारा की गई। विद्यालय परिसर में भव्य टेंट की व्यवस्था कर कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं गरिमामय रूप प्रदान किया गया।

इस सफल आयोजन में विद्यालय के समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा, जिनके सहयोग और समर्पण से यह विदाई समारोह अत्यंत सफल एवं स्मरणीय बन सका।यह विदाई समारोह न केवल एक कार्यक्रम था, बल्कि शिक्षक-शिक्षार्थी संबंधों, संस्कारों और भावनात्मक जुड़ाव की जीवंत अभिव्यक्ति बनकर सभी के स्मृति पटल पर अमिट छाप छोड़ गया।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button