Raigarh News

उधारी रकम वसूलने घर घुसकर मारपीट, आदतन बदमाश कपिल सोलंकी, मनीष परियानी व गिरीश माखिजा गिरफ्तार

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले में गुण्डा तत्वों एवं असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने उधारी रकम की जबरन वसूली के लिए घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने वाले गुण्डा बदमाश कपिल सोलंकी एवं उसके दो साथियों मनीष परियानी और गिरीश माखीजा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
मामले में आशीर्वाद पूरम कॉलोनी रायगढ़ निवासी कमलेश सिंह उम्र 52 वर्ष द्वारा 13 जून को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह कोयला ट्रांसपोर्टिंग का कार्य करता है। प्रार्थी ने बताया कि कुडेकेला निवासी ललेश अग्रवाल का लगभग 07 लाख रुपये भुगतान आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण पिछले करीब तीन वर्षों से नहीं कर पाया है।
प्रार्थी के अनुसार, 11 जून की दोपहर गुण्डा बदमाश कपिल सोलंकी अपने हाथ में लकड़ी का डंडा लेकर अपने साथी मनीष परियानी एवं गिरीश माखीजा के साथ उसके घर में जबरन घुस आया। आरोपियों ने पीडि़त को धमकाते हुए कहा कि ष्तू हम लोगों को नहीं जानता है, तेरा मर्डर करवा देंगे।ष् इसके बाद ललेश अग्रवाल का पैसा वापस करने की बात कहते हुए पीडि़त से 10 लाख रुपये की मांग की गई तथा हाथ-मुक्के और डंडे से उसकी मारपीट की गई।
पीडि़त की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 351(3), 115(2), 331(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया। गुण्डा बदमाश कपिल सोलंकी की गतिविधियों की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के संज्ञान में आने पर उन्होंने कोतवाली पुलिस को तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
कोतवाली पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी कपिल सोलंकी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने साथी गिरीश माखीजा एवं मनीष परियानी के घटना में शामिल होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिन्हें आज न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा गया।
तीनों आरोपियों का रहा है आपराधिक इतिहास
आरोपी कपिल सोलंकी थाना कोतवाली क्षेत्र का चिन्हांकित गुण्डा बदमाश है। वर्ष 2014 से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त कपिल के विरुद्ध एक पॉक्सो एक्ट, एक हत्या के प्रयास, तीन आर्म्स एक्ट, चार बलवा तथा नौ मारपीट के अपराध दर्ज हैं।
आरोपी मनीष परियानी के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में वर्ष 2010 से विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें एक लूट, एक प्रताडऩा, एक मारपीट, पांच आबकारी एक्ट तथा दो जुआ एक्ट के अपराध शामिल हैं। आरोपी पर समय-समय पर चक्रधरनगर पुलिस द्वारा 13 बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है तथा उसके विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई भी की जा चुकी है।
वहीं आरोपी गिरीश माखीजा के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में दो जुआ, तीन सट्टा तथा तीन मारपीट के अपराध दर्ज हैं। चक्रधरनगर पुलिस द्वारा उसे गुण्डा सूची में शामिल करने की कार्रवाई की जा रही है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button