कलेक्टर के निर्देशन एवं लोक शिक्षण संचालनालय रायपुर के निर्देशों के पालन में बड़ी कार्रवाई,एक शिक्षक की सेवा समाप्त
कलेक्टर के निर्देशन एवं लोक शिक्षण संचालनालय रायपुर के निर्देशों के पालन में बड़ी कार्रवाई
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 31 जुलाई। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देशन एवं लोक शिक्षण संचालनालय, रायपुर के निर्देशों के पालन में जिला शिक्षा अधिकारी जे.आर. डहरिया ने शासकीय प्राथमिक शाला बेंदरापारा, विकासखंड बरमकेला के प्रधान पाठक आत्माराम चौहान को शासकीय सेवा से पदच्युत कर दिया है।
विभागीय जांच में यह सिद्ध हुआ कि संबंधित प्रधान पाठक 02 अप्रैल 2023 से बिना अनुमति लगातार अनधिकृत रूप से अनुपस्थित थे। कारण बताओ सूचना-पत्र एवं पर्याप्त अवसर दिए जाने के बावजूद उन्होंने संतोषजनक उत्तर प्रस्तुत नहीं किया। जांच प्रतिवेदन एवं प्रचलित सेवा नियमों के आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत सेवा से पदच्युत करने का आदेश जारी किया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री जे.आर. डहरिया ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप विद्यालयों में अनुशासन, जवाबदेही एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। शासकीय सेवा में लापरवाही, अनधिकृत अनुपस्थिति और कर्तव्य के प्रति उदासीनता किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच के बाद दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी एवं प्रभावी अनुशासनात्मक कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी, ताकि विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित हो और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
