spot_img

Latest Posts

ट्रेलर के सामने आकर खड़ा हुआ हाथी, सड़क पर थमा ट्रैफिक

रायगढ़। रायगढ़ वन मंडल के तमनार रेंज के सामारुमा क्षेत्र में बुधवार को हाथियों के सड़क पर पहुंचने से यातायात थम गया। हाथियों का दल जंगल से निकलकर सड़क पर पहुंच गया, जिसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
इसी दौरान एक हाथी सड़क पर खड़े ट्रेलर के सामने आकर खड़ा हो गया। हाथी काफी देर तक ट्रेलर के पास ही मौजूद रहा। इस दौरान सड़क पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
हाथियों की मौजूदगी के चलते वन विभाग के अमले ने दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही रोक दी। हाथियों के सुरक्षित तरीके से सड़क पार कर जंगल की ओर लौटने के बाद ही यातायात बहाल किया गया।
सुबह सड़क पर पहुंचा था करीब 40 हाथियों का दल
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 40 हाथियों का दल सामारुमा क्षेत्र की सड़क पर पहुंच गया था। शाम को भी हाथियों का दल जंगल से निकलकर सड़क पार करने पहुंचा।
हाथियों की लगातार आवाजाही के कारण क्षेत्र में वाहन चालकों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर रखी और हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर जाने दिया।
49 हाथियों के दल में 9 छाल रेंज की ओर गए
बताया जा रहा है कि हाथियों का दल पहले करीब 49 हाथियों का था। इनमें से 9 हाथी छाल रेंज की ओर चले गए हैं, जबकि बाकी हाथियों की तमनार क्षेत्र में आवाजाही बनी हुई है।
क्षेत्र में हाथियों की लगातार मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग और पुलिस की टीम निगरानी कर रही है। लोगों से हाथियों के करीब नहीं जाने और उनके रास्ते में बाधा नहीं डालने की अपील की जा रही है।
वन विभाग ने दोनों ओर रोका ट्रैफिक
हाथियों के सड़क पर मौजूद रहने के दौरान वन अमले ने दोनों ओर से आने वाले वाहनों को रोक दिया। इससे हाथियों को बिना किसी बाधा के सड़क पार करने का मौका मिला।
हाथियों के जंगल की ओर लौटने के बाद यातायात सामान्य किया गया। वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss