10 साल बाद मिला रेड सैंड बोआ, धनागर गांव में रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा

रायगढ़। जिले के धनागर गांव में दुर्लभ प्रजाति का रेड सैंड बोआ सांप मिलने से वन्यजीव संरक्षण को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। घर में सांप मिलने की सूचना पर सर्परक्षक समिति और वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे एक अज्ञात व्यक्ति से वापस लिया। स्वास्थ्य जांच के बाद सांप को सुरक्षित उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। सर्परक्षक समिति के मुताबिक, रायगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में करीब 10 साल बाद इस प्रजाति का सांप देखा गया है।
जानकारी के अनुसार, सर्परक्षक समिति के वरिष्ठ रेस्क्यूवर पुष्पेंद्र त्रिपाठी को सूचना मिली थी कि धनागर गांव में एक व्यक्ति के घर पर रेड सैंड बोआ सांप मिला है। आरोप है कि एक अज्ञात व्यक्ति सांप को जंगल में छोड़ने की बात कहकर अपने साथ ले गया था। मामले की जानकारी मिलने पर समिति के अध्यक्ष विनितेश तिवारी ने सचिव सुमित बेहरा को सांप को सुरक्षित वापस लाने के निर्देश दिए।
इसके बाद वन विभाग के परिक्षेत्र अधिकारी संजय लकड़ा को भी सूचना दी गई। सर्परक्षक समिति की टीम मौके पर पहुंची और अज्ञात व्यक्ति से सांप को वापस लेकर वन विभाग के अधिकारियों को जानकारी दी। वन अमले के साथ सांप को जांच के लिए ले जाया गया। स्वास्थ्य परीक्षण में सांप स्वस्थ पाया गया, जिसके बाद उसे जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
सर्परक्षक समिति के अध्यक्ष विनितेश तिवारी ने बताया कि रायगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में पिछले करीब 10 वर्षों में रेड सैंड बोआ पहली बार दिखाई दिया है। वहीं, रेंजर संजय लकड़ा ने बताया कि स्वास्थ्य परीक्षण के बाद सांप को उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। उन्होंने यह भी बताया कि अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में इस सांप की कीमत करोड़ों रुपये होने की बात कही जाती है। उनके अनुसार, अंधविश्वास और भ्रामक प्रचार के चलते इसकी अवैध तस्करी की कोशिशें भी होती हैं।
रेड सैंड बोआ का वैज्ञानिक नाम *Eryx johnii* है। इसे स्थानीय स्तर पर ‘बिल खोदू सांप’ या ‘दोमुंहा सांप’ भी कहा जाता है। इसकी पूंछ का हिस्सा सिर जैसा गोल दिखाई देने के कारण इसके दो सिर होने का भ्रम होता है। यह विषहीन सांप है और आमतौर पर जमीन के भीतर या बिलों में रहता है। चूहों और दूसरे छोटे जीवों को खाकर यह प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में मदद करता है।
सर्परक्षक समिति ने लोगों से अपील की है कि सांपों को लेकर अंधविश्वास या भ्रामक बातों पर भरोसा न करें। वन्यजीव दिखाई देने पर उसे नुकसान पहुंचाने या अपने साथ ले जाने के बजाय वन विभाग अथवा सर्परक्षकों को सूचना दें।
