spot_img

Latest Posts

रॉयल गरबा 2026 में रास रानी ग्रुप ने मारी बाजी, रूपाली जग्गा की प्रस्तुति पर झूमे शहरवासी

रायगढ़। रोटरी क्लब ऑफ रायगढ़ रॉयल की ओर से 19 अक्टूबर को होटल श्रेष्ठा में रॉयल गरबा 2026 का भव्य आयोजन किया गया। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में गरबा, डांडिया, लाइव म्यूजिक और विभिन्न प्रतियोगिताओं के जरिए शहरवासियों ने सांस्कृतिक उत्सव का आनंद लिया। प्रतियोगिता में रास रानी ग्रुप ने सर्वश्रेष्ठ गरबा समूह का प्रथम पुरस्कार हासिल किया, जबकि नव शक्ति ग्रुप उपविजेता रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत माता की पूजा-अर्चना से हुई। मुख्य अतिथि वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी अपनी पत्नी अदिति चौधरी के साथ शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि के रूप में एसएसपी शशि मोहन सिंह अपनी पत्नी रेखा सिंह के साथ मौजूद रहे। रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3261 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर आलम सिंह रूपरा, फर्स्ट लेडी हरपाल रूपरा, प्रोग्राम डायरेक्टर सुशील रामदास अग्रवाल, प्रोग्राम चेयरमैन आशीष महमिया, क्लब अध्यक्ष संतोष अग्रवाल और सचिव अंकित कलानोरिया सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने आयोजन की सराहना करते हुए रोटरी क्लब के सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के अनुरूप ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं देते हुए देश के विकास के लिए मां से शक्ति प्रदान करने की कामना की। एसएसपी शशि मोहन सिंह और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर आलम सिंह रूपरा ने भी आयोजन की सराहना की।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण बॉलीवुड गायिका रूपाली जग्गा की प्रस्तुति रही। उन्होंने गरबा गीतों और भजनों से माहौल को भक्तिमय बनाया। मुंबई की डीजे सोनल ने डिस्को डांडिया की प्रस्तुति दी। दास साउंड की संगीत व्यवस्था और एंकर शिवम के संचालन ने कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण बनाया। मंच संचालन डॉ. मनीष बेरीवाल और राहुल अग्रवाल ने किया।

प्रतियोगिताओं में रास रानी ग्रुप को सर्वश्रेष्ठ गरबा समूह का खिताब मिला, जबकि नव शक्ति ग्रुप उपविजेता रहा। सर्वश्रेष्ठ थीम का पुरस्कार गरबा फ्रीक्स, सर्वश्रेष्ठ परिधान का पुरस्कार मां अम्बे ग्रुप और सर्वश्रेष्ठ एंट्री का पुरस्कार जैन जी ग्रुप को दिया गया। व्यक्तिगत श्रेणी में पंकज वाधवानी रॉयल किंग और रूबी देवनाथ रॉयल क्वीन चुनी गईं। लकी वाधवानी को एनर्जी किंग और रितु को एनर्जी क्वीन का पुरस्कार मिला। कृषा अग्रवाल सर्वश्रेष्ठ रॉयल किड चुनी गईं, जबकि सर्वश्रेष्ठ परिधान युगल का पुरस्कार प्रिया जैन और नितेश जैन को मिला।

प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में हरपाल रूपरा, नेहा जैन, प्रियंका गुप्ता, अनीता अग्रवाल और रुचि मग्गू शामिल रहीं। आयोजन के दौरान परिवारों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई।

प्रोग्राम डायरेक्टर सुशील रामदास अग्रवाल और क्लब अध्यक्ष संतोष अग्रवाल ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों और सहयोगियों का आभार जताया। रोटरी क्लब ऑफ रायगढ़ रॉयल की टीम ओजस्वी सहित क्लब के सदस्यों के सामूहिक प्रयास से कार्यक्रम संपन्न हुआ।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss