रायगढ़। सीबीएसई बॉयज़ हॉकी नेशनल्स 2026–27 में ओपी जिंदल स्कूल, रायगढ़ की अंडर-14 बालक टीम ने राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। करनाल, हरियाणा के एसपीएस स्कूल में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में ओपी जिंदल स्कूल की टीम ने तमिलनाडु के वेल्स विद्यालया सीनियर सेकेंडरी स्कूल को 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ टीम ने स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) के लिए भी क्वालीफाई कर लिया। वहीं, विद्यालय की अंडर-19 टीम ने प्रतियोगिता में द्वितीय उपविजेता का स्थान प्राप्त किया।
अंडर-14 वर्ग के फाइनल में ओपी जिंदल स्कूल के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। टीम ने सटीक पासिंग, तेज गति और बेहतर तालमेल के जरिए विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा। खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले में अपनी रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू किया और 4-1 के अंतर से जीत दर्ज की। इस उपलब्धि को खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया गया।
अंडर-19 वर्ग में भी ओपी जिंदल स्कूल की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए द्वितीय उपविजेता का स्थान हासिल किया। दोनों आयु वर्गों में मिली सफलता से विद्यालय की खेल गतिविधियों और हॉकी टीमों के प्रदर्शन को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
प्रतियोगिता के दौरान हॉकी कोच जितेंद्र मेवाड़ा और हिमांशु ने खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया। मैच की परिस्थितियों और विपक्षी टीम की रणनीति के अनुसार खेल में आवश्यक बदलाव किए गए, जिन्हें खिलाड़ियों ने मैदान पर लागू किया। कोच जितेंद्र मेवाड़ा ने सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, आपसी समन्वय और प्रशिक्षकों के सामूहिक प्रयासों को दिया। उन्होंने खिलाड़ियों के आत्मविश्वास और टीम भावना को जीत का महत्वपूर्ण आधार बताया।
विद्यालय के प्राचार्य आर.के. त्रिवेदी के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन को भी इस सफलता में महत्वपूर्ण बताया गया। उन्होंने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए राष्ट्रीय चैंपियन बनने को विद्यालय के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि अंडर-14 टीम एसजीएफआई प्रतियोगिता में भी अनुशासन और खेल भावना के साथ अच्छा प्रदर्शन करेगी।
इस दोहरी सफलता से विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, विद्यार्थियों और खेल प्रेमियों ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों तथा कोच जितेंद्र मेवाड़ा और हिमांशु को बधाई दी। अंडर-14 टीम के एसजीएफआई के लिए चयन पर भी प्रसन्नता व्यक्त की गई।

