spot_img

Latest Posts

नवरात्रि में 26 नवजात कन्याओं का अभिनंदन, डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों का सम्मान

रायगढ़। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच महिला संस्कृति शाखा, रायगढ़ ने सामाजिक पहल करते हुए मेडिकल कॉलेज के मातृ एवं शिशु वार्ड में जन्मी 26 नवजात कन्याओं का अभिनंदन किया। संस्था की महिलाओं ने नवरात्रि के नौ दिनों में जन्मी बच्चियों को देवी स्वरूप मानकर उनके सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान नवजात कन्याओं की देखरेख में जुटे चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ को भी चुनरी, शॉल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

संस्था की अध्यक्ष दीप्ति गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में नवजात शिशुओं और उनकी माताओं के लिए उपयोगी सामग्री की किट और उपहार वितरित किए गए। इसके साथ ही अस्पताल में मरीजों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए फलों का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में महिला संस्कृति शाखा की सदस्यों ने भाग लिया और माताओं तथा नवजात बच्चियों के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।

दीप्ति गुप्ता ने कहा कि नवरात्रि शक्ति और देवी स्वरूप की उपासना का पर्व है। भारतीय संस्कृति में बेटियों को लक्ष्मी और दुर्गा का स्वरूप माना जाता है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में नवरात्रि के नौ दिनों में जन्मी 26 कन्याओं का अभिनंदन करना संस्था के लिए विशेष अवसर है। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वे सेवा भाव से जनकल्याण के कार्य में जुटे रहते हैं।

महिला संस्कृति शाखा ने बेटियों के संरक्षण, संवर्धन और सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। संस्था की ओर से नवजात बच्चियों और उनकी माताओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उपयोगी सामग्री वितरित की गई।

आयोजन को सफल बनाने में दीप्ति गुप्ता, राखी गुप्ता, अंजू अग्रवाल, रेखा जैन और पिंकी कुसमरा का विशेष योगदान रहा। संस्था की इस पहल के माध्यम से नवजात कन्याओं के सम्मान के साथ स्वास्थ्य सेवाओं में लगे कर्मचारियों के प्रति आभार भी व्यक्त किया गया।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss