जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय एवं जिला पंचायत सभापति डॉ हरिहर जायसवाल ने बालक आश्रम व आंगनबाड़ी केंद्र का किया औचक निरीक्षण
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय एवं जिला पंचायत सभापति डॉ हरिहर जायसवाल ने बालक आश्रम व आंगनबाड़ी केंद्र का किया औचक निरीक्षण
नरेशनगर। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पाण्डेय जी ने आज बालक आश्रम, प्राथमिक विद्यालय, मिडिल स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्र नरेशनगर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय एवं छात्रावास की व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन किया तथा बच्चों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने बच्चों से पढ़ाई से संबंधित विभिन्न प्रकार के प्रश्न पूछे, जिसमें विशेष रूप से गणित एवं अन्य विषयों के सवाल शामिल थे। बच्चों के उत्तरों से संतुष्ट होकर उन्होंने शिक्षकों की सराहना की तथा बच्चों को नियमित अध्ययन करने और मेहनत से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान छात्रावास में उपलब्ध भोजन सामग्री, बिस्तर, पानी, साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया गया। उन्होंने छात्रावास अधीक्षकों को निर्देश दिए कि बच्चों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और उनके रहने-खाने व पढ़ाई की व्यवस्था में कोई कमी न रहे।
श्री पाण्डेय ने शिक्षकों एवं छात्रावास अधीक्षकों से कहा कि बच्चों की हर संभव सहायता करें, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनें और समाधान सुनिश्चित करें ताकि बच्चे बेहतर वातावरण में शिक्षा ग्रहण कर सकें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं, पोषण आहार एवं उपस्थिति रजिस्टर का भी निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
जिला पंचायत अध्यक्ष के इस औचक निरीक्षण से विद्यालय एवं छात्रावास प्रशासन में सकारात्मक संदेश गया है तथा बच्चों एवं अभिभावकों में भी संतोष का माहौल देखा गया। इस पहल से निश्चित रूप से शिक्षा की गुणवत्ता और बच्चों के सर्वांगीण विकास में सुधार होगा।
