Raigarh News

पुसौर किड्नैपिंग मामले में आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने किया खुलासा, होशियार बेटे की सूझ से बची पिता की जान

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में प्रोफेसर कपूर चंद गुप्ता के अपहरण और फिरौती के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात की साजिश में प्रोफेसर के गांव जकेला से जुड़ा बाइक मिस्त्री राजेंद्र कुमार महंत उर्फ प्रदीप महंत मुख्य भूमिका में था। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर 99,100 रुपये नकद, घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, चाकू और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस ने 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करने का दावा किया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और एएसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने सबसे पहले सुनील सारथी निवासी छातामुड़ा को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया। इसके बाद पूछताछ और लगातार दबिश के आधार पर मुख्य आरोपी राजेंद्र कुमार महंत उर्फ प्रदीप महंत, उसके छोटे भाई नरेंद्र उर्फ नंदू महंत और ग्राम औरदा निवासी दिनेश सारथी को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने प्रोफेसर को नौकरीपेशा और सीधे-सादे व्यक्ति के रूप में देखकर उनके परिवार से फिरौती वसूलने की योजना बनाई थी। मामले में ऑनलाइन ट्रांसफर की गई रकम में से लगभग एक लाख रुपये की बरामदगी की जानकारी दी गई है। पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर घटनाक्रम का रिक्रिएशन भी कराया।

पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कथित तौर पर 3 अक्टूबर को छातामुड़ा स्थित सुनील सारथी के मकान में बैठकर अपहरण की योजना बनाई थी। इसके बाद 5 अक्टूबर की शाम आरोपी दिनेश सारथी के भाई की काले रंग की हीरो सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल से ग्राम जकेला स्थित राइस मिल के पास पहुंचे। वहां प्रोफेसर कपूर चंद गुप्ता सड़क किनारे अकेले बैठकर मोबाइल देख रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से प्रोफेसर को घेरा, धक्का देकर गिराया और पकड़कर डबरी के पीछे सुनसान स्थान पर ले गए। वहां चाकू की नोक पर उनका अपहरण किया गया। मामले में चारों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

इस घटना में प्रोफेसर के 15 वर्षीय बेटे प्रणय की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। दसवीं कक्षा में पढ़ने वाले प्रणय को अपने पिता की गतिविधियों पर संदेह हुआ। उसने मोबाइल के ‘फाइंड’ एप के जरिए पिता की लोकेशन ट्रैक करने की कोशिश की। लोकेशन बार-बार बदलने और अगले दिन सुबह फोन पर सरायपाली का जिक्र होने के बाद उसका संदेह और गहरा गया। उसने रिश्तेदारों को जानकारी दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और प्रोफेसर को अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छुड़ाने में सफल रहे।

हालांकि, इस घटनाक्रम को लेकर पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि किसी आपराधिक घटना में पुलिस की मदद के बिना खुद कार्रवाई करने का प्रयास खतरनाक हो सकता है। हथियारबंद आरोपियों से सीधे भिड़ने पर पीड़ित या परिजनों की जान को खतरा हो सकता है। उन्होंने नागरिकों से ऐसी परिस्थितियों में तत्काल पुलिस को सूचना देने और प्रशिक्षित पुलिस टीम की सहायता लेने की अपील की।

पुलिस के अनुसार, मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह बैस, उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक रिकेन्द्र चंद्राकर, प्रधान आरक्षक चंद्रहास नायक, आरक्षक धनुर्जय चंद बेहरा, महेश चौहान, ठंडाराम गुप्ता, तारिक अनवर, महिला आरक्षक किशोरी चौहान और कंप्यूटर ऑपरेटर कैलाश गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button