खुद को पुलिसकर्मी बताकर महिला का विश्वास जीता, सिक्योरिटी गार्ड निकला आरोपी
रायगढ़। सिक्युरिटी गार्ड का काम करने वाले अक्षय कुमार कुम्हरानी निवासी बिलासपुर ने रायगढ़ की महिला को झांसे में लेकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया और उसके अंतरंग फोटो विडियो इंस्टाग्राम में अपलोड भी कर दी। पीडि़त महिला ने बताया कि आरोपी अक्षय कुम्हारानी उसे पुलिस में जॉब करना कहकर अपनी वर्दीवाली फोटो दिखाकर विश्वास में लिया था जबकि वह वर्दी सिक्योरिटी गार्ड की थी, जब वह गार्ड की नौकरी करता था। चक्रधरनगर पुलिस ने महिला संबंधी अपराध में त्वरित कार्यवाही करते हुए “अभियान संवेदना” के तहत कल आरोपी को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना चक्रधरनगर क्षेत्र निवासी 40 वर्षीय महिला ने 28 मई को थाना चक्रधरनगर में आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि मार्च में कोरबा एक धार्मिक कार्यक्रम में गये हुये थे, जहां कोरबा रेलवे स्टेशन में उसकी मुलाकात बिलासपुर निवासी अक्षय कुमार कुम्हरानी से हुई थी। आरोपी ने उसका मोबाइल नंबर लेकर बातचीत शुरू की और स्वयं को पुलिस विभाग में कार्यरत बताते हुए वर्दीधारी तस्वीरें साझा कर उससे विवाह करने की इच्छा जताई।
गुप्त रूप से रिकॉर्ड किए फोटो-वीडियो
महिला ने बताया कि अक्षय को उसके गांव में अकेले रहने की जानकारी हुई तो आरोपी उसके गांव पहुंचा और शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध स्थापित किया। इसी दौरान आरोपी ने महिला की जानकारी के बिना मोबाइल फोन से उसके अंतरंग फोटो और वीडियो बना लिए।
रायपुर में इलाज के दौरान भी झांसे में लेकर किया उत्पीडऩ
पीडि़ता ने बताया कि 07 मई को वह अपनी मां के उपचार के लिए रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल गई थी। वहां आरोपी भी पहुंचा और उसे घूमाने के बहाने अपने साथ ले गया। इसी दौरान उसने महिला को उसके अश्लील फोटो-वीडियो अपने पास होने की जानकारी देते हुए संबंध बनाए रखने का दबाव बनाया और विरोध करने पर उन्हें वायरल करने की धमकी दी।
जान से मारने की धमकी देकर करता रहा ब्लैकमेल
महिला ने रिपोर्ट में बताया कि आरोपी ने 27 मई 2026 को उसके अश्लील फोटो एवं वीडियो इंस्टाग्राम और फेसबुक पर अपलोड कर दिए। इसके अलावा व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम के माध्यम से अश्लील संदेश भेजकर जान से मारने की धमकी देते हुए लगातार ब्लैकमेल करता रहा।
दुष्कर्म एवं आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज
पीडि़ता की रिपोर्ट पर थाना चक्रधरनगर में आरोपी के विरुद्ध धारा 69, 296, 351(3) भारतीय न्याय संहिता तथा धारा 66-ई, 67 एवं 67-ए आईटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
चक्रधरनगर पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन पर तत्काल थाना चक्रधरनगर एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर आरोपी की तलाश की गई। रायगढ़ में आरोपी के होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया।
आरोपी से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त
गिरफ्तार आरोपी अक्षय कुमार कुम्हरानी पिता संतराम कुम्हरानी, उम्र 31 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 02, सडक़पारा डोडकी, थाना मस्तुरी, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़) के कब्जे से घटना में प्रयुक्त रियलमी सी-3 मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक एन. बालचंद राव, जेनिपा पन्ना, आरक्षक विक्रम सिंह, साइबर सेल के आरक्षक पुष्पेन्द्र जाटवर एवं मनोज पटनायक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

