Raigarh News

सारंगढ़ के सभी 15 वार्डों में भाजपा का भव्य दीपावली मिलन समारोह संपन्न

सारंगढ़ के सभी 15 वार्डों में भाजपा का भव्य दीपावली मिलन समारोह संपन्न

हर वार्ड में कार्यकर्ताओं में दिखा जबरदस्त उत्साह, आगामी नगरीय चुनाव में जीत का लिया संकल्प

सारंगढ़। भारतीय जनता पार्टी द्वारा सारंगढ़ नगर के सभी 15 वार्डों में दीपावली मिलन समारोह का आयोजन उत्साह, उमंग और आपसी सौहार्द के साथ किया गया। प्रत्येक वार्ड में आयोजित कार्यक्रमों में भाजपा कार्यकर्ताओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश और ऊर्जा के साथ कार्यक्रमों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इन कार्यक्रमों का आयोजन चुनाव सह प्रभारी पूनम सोलंकी, भाजपा मंडल प्रभारी स्वप्निल स्वर्णकार एवं नगर मंडल अध्यक्ष निखिल कुमार बानी के मार्गदर्शन में किया गया। साथ ही जगन्नाथ केशरवानी, भुवन मिश्रा, अरविंद हरिप्रिया, हरिनाथ खुटे, प्रकाश अग्रवाल, अमित अग्रवाल, जीवन रात्रे, वीरेंद्र निराला, मनोज जायसवाल, चंद्रिका सिंह ठाकुर सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई।

भाजपा द्वारा सभी 15 वार्डों में अलग-अलग वार्ड प्रभारियों की जिम्मेदारी तय की गई थी। सभी वार्ड प्रभारियों ने अपने-अपने वार्ड में जमीनी स्तर पर मेहनत करते हुए कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न कराया। कार्यकर्ताओं की एकजुटता, समर्पण और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता पूरे आयोजन में स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चुनाव सह प्रभारी पूनम सोलंकी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि “हमारा मकसद सिर्फ चुनाव जीतना है हमें जीत चाहिए और जीत के सिवा कुछ भी नहीं।” उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पूरी ताकत के साथ आगामी नगरीय निकाय चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया।

वहीं नगर मंडल अध्यक्ष निखिल कुमार बानी ने सभी कार्यकर्ताओं को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। सभी कार्यकर्ताओं को आपसी तालमेल, एकजुटता और पूरी मेहनत के साथ चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्य करना होगा।

चुनाव सह प्रभारी पूनम सोलंकी एवं भाजपा मंडल प्रभारी स्वप्निल स्वर्णकार ने भी सभी कार्यकर्ताओं एवं नगरवासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। वहीं अरविंद हरिप्रिया एवं हरिनाथ खुटे ने भी सभी को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

सारंगढ़ के सभी 15 वार्डों में आयोजित दीपावली मिलन समारोह ने भाजपा संगठन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया। कार्यक्रमों की सफलता कार्यकर्ताओं की एकजुटता, मेहनत और संगठनात्मक मजबूती का परिचायक रही।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button