Raigarh News : वार्ड क्रमांक 8 में 90 लाख से बनेगा भव्य सामुदायिक भवन, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया शिलान्यास

वार्ड 8, 9 और 10 के नागरिकों को मिलेगी सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन की सौगात, मैरिज पैलेस की तर्ज पर होगा निर्माण
रायगढ़। शहर में नागरिक सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को गति देते हुए वार्ड क्रमांक 8 में रामपुर तिराहे के समीप 90 लाख रुपए की लागत से भव्य सामुदायिक भवन का निर्माण होगा। भाई दूज के शुभ अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, एमआईसी सदस्यों, पार्षद ज्योति यादव एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भवन निर्माण का शिलान्यास किया।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने भाई दूज के पावन अवसर पर उपस्थित सभी नागरिकों, विशेषकर बुजुर्गों को प्रणाम करते हुए पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रामपुर तिराहे के समीप बनने वाला यह सामुदायिक भवन वार्ड क्रमांक 8, 9 और 10 सहित आसपास के क्षेत्र के नागरिकों के लिए उपयोगी साबित होगा। सामान्यतः लगभग 20-30 लाख रुपए में सामुदायिक भवन का निर्माण हो जाता है, लेकिन यहां उपलब्ध भूमि के बेहतर सदुपयोग और क्षेत्र की आवश्यकता को देखते हुए 90 लाख रुपये की लागत से भव्य भवन बनाने का निर्णय लिया गया है। इसे मैरिज पैलेस की तर्ज पर विकसित करने का प्रयास है, ताकि नागरिकों को सामाजिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए एक बेहतर स्थान मिल सके।

उन्होंने कहा कि भवन का निर्माण गुणवत्ता और भव्यता के साथ हो, इसके लिए नगर निगम के अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। यह केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि क्षेत्र के लोगों को दी जा रही एक स्थायी सुविधा है। उन्होंने कहा कि हमारी सोच चुनाव तक सीमित नहीं है, क्योंकि आने वाले समय में कोई चुनाव नहीं है। विकास का वास्तविक उद्देश्य नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।

7 से 10 वार्डों में 2.29 करोड़ रुपए के कार्य पूर्ण, 3.61 करोड़ के कार्य प्रस्तावित
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने वार्ड क्रमांक 7 से 10 तक में कराए गए और प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि इन क्षेत्रों में लगभग 2 करोड़ 29 लाख रुपए के विकास कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि लगभग 3 करोड़ 61 लाख रुपए के कार्य प्रगतिरत एवं प्रस्तावित हैं। इनमें प्रमुख रूप से सीसी रोड और नाली निर्माण सहित बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।
पांच वर्षों में 10 नए पार्क, मिनी स्टेडियम और आधुनिक खेल सुविधाओं की तैयारी
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने शहर के व्यापक विकास का विजन साझा करते हुए कहा कि अगले पांच वर्षों में रायगढ़ में 10 नए पार्क विकसित करने का लक्ष्य है, जो शहर के कमला नेहरू पार्क से बड़ा होगा। इसके साथ ही रायगढ़ स्टेडियम में एथलेटिक्स एवं ओलंपिक ट्रैक और इनडोर स्विमिंग पूल मिनी स्टेडियम इसकेटिंग ट्रेक, थ्रो बाल ट्रेक जैसी खेल सुविधाओं को विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि रायगढ़ में प्रयास विद्यालय की स्थापना के साथ नया नर्सिंग कॉलेज, फिजियोथैरेपी कॉलेज, नेचुरोपैथी कॉलेज, हॉर्टिकल्चर कॉलेज और संगीत महाविद्यालय की स्थापना भी कि गई है। इन संस्थानों से शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे।
600 करोड़ की लागत से बनेगा नया रिंग रोड
शहर के यातायात को सुगम बनाने की दिशा में प्रस्तावित नए रिंग रोड की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि लगभग 600 करोड़ रुपए की लागत से रिंग रोड विकसित करने की योजना है। यह मार्ग केलो डेम से इंदिरा विहार होते हुए झारसुगुड़ा रोड से जुड़ेगा। भारी माल वाहक वाहन ट्रक, ट्रेलर एवं हाइवा शहर के के बाहर से रिंग रोड से निकलेंगे। इससे शहर के अंदर यातायात दबाव को कम करने और आवागमन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल के उन्नयन पर भी हो रहा काम
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में लगभग 100 करोड़ रुपए के अतिरिक्त विकास कार्य किए जा रहे हैं। वहीं जिला अस्पताल के उन्नयन के लिए भी लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से कार्य कराया जा रहा है। इन प्रयासों का उद्देश्य क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि विकास का असली पैमाना यह है कि पांच वर्षों में आम नागरिकों के जीवन में कितना सकारात्मक बदलाव आया। लोगों को अच्छे गार्डन, बेहतर वातावरण, सामुदायिक सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना ही विकास की प्राथमिकता है। रायगढ़ को एक बेहतर और सुविधायुक्त शहर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर नगर निगम के निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय, कार्यपालन अभियंता अमरेश लोहिया, एमआईसी सदस्यगण, पार्षदगण, जनप्रतिनिधिगण, निगम अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
