जामपाली से अकलतरा जा रहा 1.50 लाख का कोयला गायब, बिहार से ट्रक चालक गिरफ्तार

रायगढ़। जिले में कोयला परिवहन के दौरान करीब 1.50 लाख रुपये कीमत के कोयले की हेराफेरी का मामला सामने आया है। जामपाली कोयला खदान से अकलतरा स्थित आरसमेटा प्लांट के लिए रवाना किया गया 24.620 मीट्रिक टन कोयला गंतव्य तक नहीं पहुंचा। आरोप है कि ट्रक चालक ने कोयले को रास्ते में ईंट भट्ठा संचालकों को बेच दिया। घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी चालक को बिहार के रोहतास जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने करीब 10 लाख रुपये कीमत का ट्रक भी जब्त किया है।
मामले में बोईरदादर निवासी विवेक पाण्डेय ने 8 मई को घरघोड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि राज ट्रांसपोर्ट, ढिमरापुर रायगढ़ के माध्यम से कोयला परिवहन का काम किया जाता है। जनवरी में जामपाली कोयला खदान से आरसमेटा प्लांट अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा तक कोयला पहुंचाने का सौदा तय हुआ था। इसके लिए बिहार के रोहतास जिले के काराकाट थाना क्षेत्र के अमरथा निवासी 57 वर्षीय ट्रक चालक लल्लन कुमार प्रसाद से 700 रुपये प्रति टन की दर निर्धारित की गई थी।
इसके बाद ट्रक में जी-10 ग्रेड का 24.620 मीट्रिक टन कोयला लोड कर अकलतरा के लिए रवाना किया गया। अगले दिन तक ट्रक गंतव्य पर नहीं पहुंचा। चालक से संपर्क करने पर उसने शुरुआत में फोन नहीं उठाया। करीब 10 दिन बाद फोन रिसीव करने पर उसने कोयला दूसरी जगह बेचने की बात कही और शिकायत करने पर जो करना है कर लेने की धमकी दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 316(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान शिकायतकर्ता और गवाहों के बयान दर्ज किए गए तथा मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश की गई।
आरोपी के बिहार के रोहतास जिले में होने की सूचना मिलने पर एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम वहां रवाना हुई। घेराबंदी कर लल्लन कुमार को हिरासत में लिया गया। उसे विक्रमगंज के अपर अनुमंडल मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश कर ट्रांजिट रिमांड लिया गया, जिसके बाद रायगढ़ लाया गया।
पूछताछ में आरोपी ने कोयले को थोड़ी-थोड़ी मात्रा में ईंट बनाने वालों को बेचना स्वीकार किया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि आर्थिक अपराध, धोखाधड़ी और अमानत में खयानत के मामलों में कार्रवाई जारी रहेगी।
