spot_img

Latest Posts

जमीन विवाद पर बुजुर्ग के गले पर चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जमीन विवाद को लेकर एक पड़ोसी ने 77 वर्षीय बुजुर्ग पर चाकू से हमला कर दिया। घटना चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के बड़े रेगड़ा गांव की है। दुर्गा पंडाल में प्रसाद लेने गए मनधर यादव के गले पर आरोपी नत्थूलाल अगरिया (57) ने धारदार चाकू से वार कर दिया। हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, मनधर यादव के बेटे रामकुमार यादव ने चक्रधर नगर थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, मनधर यादव शाम को गांव के दुर्गा पंडाल में प्रसाद लेने गए थे। इसी दौरान उनके पड़ोसी नत्थूलाल अगरिया ने उन पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। वार बुजुर्ग के गले पर लगा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना डायल 112 को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल मनधर यादव को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी की तलाश की।

पुलिस ने आरोपी नत्थूलाल अगरिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका और मनधर यादव का घर एक-दूसरे से लगा हुआ है। दोनों के बीच जमीन को लेकर अक्सर विवाद होता था। पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन भी इसी विवाद के चलते आरोपी ने कटहल काटने वाले धारदार चाकू से मनधर यादव के गले पर वार किया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। घायल बुजुर्ग का मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार जारी है।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss