spot_img

Latest Posts

बाल सदन की बच्चियों को डांडिया सिखा रहा इनर व्हील क्लब, आत्मविश्वास बढ़ाने की पहल

रायगढ़। नवरात्रि के अवसर पर इनर व्हील क्लब ऑफ रायगढ़ स्टील सिटी ने श्री चक्रधर बाल सदन की बच्चियों को डांडिया का विशेष प्रशिक्षण देने की पहल की है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चियों में आत्मविश्वास और उत्साह बढ़ाने के साथ उन्हें भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ना तथा अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना है।

इस पहल में श्री चक्रधर बाल सदन समिति सहयोग कर रही है। बाल सदन की शिक्षिकाएं सोनाली असुतकर और रुपाली भी बच्चियों को मार्गदर्शन दे रही हैं। क्लब ने इस सहयोग के लिए समिति और शिक्षिकाओं के प्रति आभार जताया है।

कार्यक्रम में अदिति और सुरभि बच्चियों को डांडिया का प्रशिक्षण दे रही हैं। क्लब के अनुसार, दोनों युवतियां पूरे उत्साह और लगन के साथ बच्चियों को नृत्य सिखा रही हैं। इस गतिविधि से बच्चियों को नई कला सीखने, सामूहिक रूप से भागीदारी करने और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिल रहा है।

इनर व्हील क्लब ऑफ रायगढ़ स्टील सिटी समाजसेवा, महिला सशक्तीकरण और बच्चों के सर्वांगीण विकास से जुड़ी गतिविधियों में भागीदारी करता रहा है। क्लब का मानना है कि सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें अपनी परंपराओं से जोड़ने में सहायक होते हैं।

इस आयोजन को सफल बनाने में क्लब की अध्यक्ष अनिता अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष ज्योति अग्रवाल और सपना अग्रवाल, वंदना अग्रवाल सहित क्लब के अन्य सदस्यों का सहयोग मिल रहा है।

क्लब की ओर से डांडिया उत्सव में शामिल होने के लिए लोगों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम शाम 7 बजे आयोजित होगा। आयोजकों ने लोगों से उपस्थित होकर बच्चियों का उत्साहवर्धन करने और मां दुर्गा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss